T20 World Cup Slowest Half-Century: श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 16वें मैच में ओमान के खिलाफ 105 रनों की रिकॉर्ड जीत हासिल की. यह टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है. पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कप्तान दासुन शनाका की रिकॉर्डतोड़ हाफ सेंचुरी की बदौलत लंकाई टीम ग्रुप बी में अब ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर पहले स्थान पर पहुंच गई. इस मैच में ओमान के बल्लेबाज मोहम्मद नदीम ने बल्लेबाजी में अकेले संघर्ष किया. उन्होंने अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा पाए.
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमा अर्धशतक
अनुभवी मोहम्मद नदीम ने अकेले श्रीलंकाई स्पिनरों का सामना किया. उन्होंने 56 गेंदों पर 53 रन बनाए. 43 साल के नदीम ने इसके साथ ही एक शर्मनाक उपलब्धि हासिल कर ली. वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे धीमा अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए. उन्होंने 52 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया. नदीम ने इस मामले में पाकिस्तान के मोहम्द रिजवान की बराबरी कर ली.
नदीम ने की रिजवान की बराबरी
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों में रिजवान और नदीम पहले स्थान पर हैं. रिजवान ने 2024 में न्यूयॉर्क में कनाडा के खिलाफ 52 गेदों पर फिफ्टी लगाई थी. अब अगले ही संस्करण में नदीम ने उनकी बराबरी कर ली. इस मामले में साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2024 में नीदरलैंड के खिलाफ न्यूयॉर्क में 50 गेंदों पर अर्धशतक ठोका था.
ये भी पढ़ें: SA vs AFG T20: साउथ अफ्रीका ने जीता मैच, अफगानिस्तान ने दिल… डबल सुपर ओवर में रोमांच का ‘ट्रिपल’ डोज
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे धीमी फिफ्टी (गेंदों के हिसाब से)
52 – मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) बनाम कनाडा, न्यूयॉर्क, 2024
52 – मोहम्मद नदीम (ओमान) बनाम श्रीलंक, पल्लेकेले, 2026*
50 – डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका) बनाम नीदरलैंड, न्यूयॉर्क, 2024
49 – डेवोन स्मिथ (वेस्टइंडीज) बनाम बांग्लादेश, जोहान्सबर्ग, 2007
49 – डेविड हसी (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, ब्रिजटाउन, 2010
49 – सूर्यकुमार यादव (भारत) बनाम अमेरिका, न्यूयॉर्क, 2024
ये भी पढ़ें: कभी एशिया कप तो कभी वर्ल्ड कप… पलटूबाज पाकिस्तान की 5 घटिया हरकतें, हर बार हुआ शर्मसार
मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. श्रीलंका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 225 रन बनाए. उसके लिए कुसल मेंडिस ने 45 गेंद पर 61, पवन रतनायके ने 28 गेंद पर 60 और कप्तान दासुन शनाका ने 20 गेंद पर 50 रन की पारी खेली. जवाब में ओमान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 120 रन ही बना सकी. श्रीलंका अब ग्रुप बी स्टैंडिंग में +3.125 के शानदार नेट रन रेट के साथ टॉप पर है. उसने दो मैचों में चार पॉइंट्स हासिल किए हैं. इस जीत के साथ टीम टॉप 2 में रहने और सुपर 8 स्टेज में आगे बढ़ने की मजबूत दावेदारी बनाए हुए है.
