
श्रम और रोजगार मंत्रालय

श्रम और रोजगार राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे के नेतृत्व में हैदराबाद में बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज और सीआईआई ग्रीन बिजनेस सेंटर में ब्रिक्स श्रम एवं रोजगार मंत्रियों का दौरा
प्रविष्टि तिथि: 16 JUL 2026 4:58PM by PIB Delhi
केंद्रीय श्रम और रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे के साथ आज ब्रिक्स देशों के श्रम एवं रोजगार मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने हैदराबाद में बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज परिसर और सीआईआई ग्रीन बिजनेस सेंटर – सीआईआई-जीबीसी का दौरा किया। यह दौरा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में 12वीं ब्रिक्स श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की हैदराबाद में आयोजित बैठक का हिस्सा था। दौरे में डिजिटल नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वैश्विक क्षमता केंद्रों, भविष्य अनुरूप कौशल विकास और सतत औद्योगिक विकास में भारत का बढ़ता नेतृत्व प्रदर्शित हुआ।

प्रतिनिधिमंडल ने बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के दौरे में स्वास्थ्य सेवा, ऑटोमोटिव और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों से संबंधित बॉश, भारतीय उद्योग परिसंघ – सीआईआई और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स – जीसीसी के वरिष्ठ औद्योगिक नेताओं से बातचीत की। उन्हें बताया गया कि जीसीसी नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, उत्पाद अभियांत्रिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता-आधारित समाधान और वैश्विक व्यापार परिवर्तन को गति प्रदान कर रहे हैं। बातचीत में उद्योग-अकादमिक सहयोग सुदृढ़ बनाने, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने, कार्यस्थलों को उन्नत बनाने में एआई के इस्तेमाल और समावेशी, भविष्य अनुरूप कार्यबल तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
BRICS Labour & Employment Ministers, along with Hon’ble MoS Sushri Shobha Karandlaje, visited Bosch Global Software Technologies and the CII Green Business Centre in Hyderabad, showcasing India’s leadership in AI, digital engineering, future-ready skilling and pic.twitter.com/Q0tRDSOd8H
— Ministry of Labour & Employment, GoI (@LabourMinistry) July 16, 2026
ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल को भारत के तेजी से विस्तारित वैश्विक क्षमता केंद्र पारितंत्र की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि 2,100 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्रों में 23 लाख से अधिक पेशेवर कार्यरत हैं। हैदराबाद लगभग 400 जीसीसी केंद्रों के साथ देश के प्रमुख नवाचार केंद्रों में से एक है, जो प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और डिजिटल बदलाव के लिए भारत को पसंदीदा वैश्विक गंतव्य बनाता है।
ब्रिक्स मंत्रियों को सीआईआई ग्रीन बिजनेस सेंटर में हरित भवनों, संसाधन दक्षता, पर्यावरण, सामाजिक एवं शासन प्रथाओं और सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने संबंधी भारत के प्रयासों के बारे में बताया गया। उन्हें अवगत कराया गया कि उत्कृष्टता केंद्रों ने प्रतिस्पर्धात्मकता, स्थिति-अनुकूलन और उच्च गुणवत्ता रोजगार को बढ़ावा देते हुए भारतीय उद्योग को दायित्वपूर्ण पर्यावरणीय व्यावसायिक प्रचलन अपनाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।

ब्रिक्स मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों ने सीआईआई ग्रीन बिजनेस सेंटर में पौधा रोपण किया, जो पर्यावरणीय स्थिरता और हरित भविष्य के प्रति ब्रिक्स देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता दर्शाता है।
ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल को इस दौरे में भारत के जीवंत नवाचार पारितंत्र, कुशल कार्यबल और सतत विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता देखने का अवसर मिला। इस आयोजन से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रौद्योगिकी, नवाचार, कौशल और संवहनीयता द्वारा भविष्य के कार्यों को आकार देने और समावेशी, स्थिति-अनुकूल और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के भारत का दृष्टिकोण रेखांकित हुआ।
***
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2285453) आगंतुक पटल : 13

