News in Brief

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

श्री मनोहर लाल ने राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘हर घर तिरंगा’ कियोस्क का उद्घाटन किया


तिरंगा एक राष्ट्रीय प्रतीक से कहीं अधिक है-यह भारत की कठिन परिश्रम से अर्जित स्वतंत्रता, एकता, पहचान, गरिमा और इसके लोगों की सामूहिक आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है: श्री मनोहर लाल

प्रविष्टि तिथि: 14 AUG 2026 8:35PM by PIB Delhi

माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल ने भारत सरकार के तत्वावधान में 9 से 17 अगस्त 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर(आईएचसी) में ‘हर घर तिरंगा’ कियोस्क का उद्घाटन किया।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय(एमओएचयूए) के अधीन नवरत्न एनबीएफसी-आईएफसी, आवास एवं शहरी विकास निगम लिमिटेड(हुडको) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति का जोश और उत्साह देखने को मिला।

उद्घाटन समारोह में हुडको के सीएमडी श्री संजय कुलश्रेष्ठ, इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. के. जी. सुरेश, टीईआरआई की महानिदेशक डॉ. विभा धवन, हुडको के अधिकारी, इंडिया हैबिटेट सेंटर में स्थित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बोलते हुए, माननीय केन्द्रीय मंत्री ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूरे दिल से भाग लेने और अपने घरों पर गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। बच्चों से बातचीत करते हुए श्री मनोहर लाल ने इस बात पर जोर दिया कि तिरंगा एक राष्ट्रीय प्रतीक से कहीं अधिक है—यह भारत की कठिन परिश्रम से अर्जित स्वतंत्रता, एकता, पहचान, गरिमा और इसके लोगों की सामूहिक आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। युवाओं को संबोधित करते हुए, मंत्री जी ने उनसे आग्रह किया कि वे अनेक बलिदानों के बाद मिली स्वतंत्रता के मूल्य को समझें और राष्ट्रीय मूल्यों को आगे बढ़ाएं तथा इस अभियान को देशभक्ति की एक व्यक्तिगत अभिव्यक्ति बनाएं।

माननीय मंत्री जी ने अपने कार्यालयों और आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान को नागरिकों तक ले जाने की हुडको की पहल की सराहना की, और इस अभियान को राष्ट्रीय एकता, गौरव तथा सामूहिक जिम्मेदारी का एक राष्ट्रव्यापी उत्सव बनाने में अधिक-से-अधिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया। इस राष्ट्रीय अभियान में सार्थक योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, हुडको इंडिया हैबिटेट सेंटर(आईएचसी) स्थित अपने कियोस्क के साथ-साथ देश भर में अपने क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से 5,000 से अधिक राष्ट्रीय ध्वज वितरित करेगा।

पूरा स्थल तिरंगे के रंगों से सजा हुआ था, जिससे देशभक्ति और उत्सव का माहौल बन गया था। राष्ट्रीय ध्वज की थीम पर आधारित ‘सेल्फी पॉइंट्स’ भी बनाए गए थे, जिसने प्रतिभागियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने देशभक्ति के पलों को कैद करने और साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उत्सव के इस उत्साह को और बढ़ाते हुए, हैबिटेट लर्निंग सेंटर के बच्चों ने ‘वंदे मातरम’ की एक मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसके बाद माननीय मंत्री जी ने बच्चों के बीच राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए और उन्हें गर्व तथा उत्साह के साथ इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सभी आयु वर्ग के लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और राष्ट्रीय ध्वज के साथ गर्व से तस्वीरें खिंचवाईं, तथा एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना का जश्न मनाने वाले इस अभियान का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी और गर्व व्यक्त किया।

***

पीके/केसी/पीकेपी

(रिलीज़ आईडी: 2299729) आगंतुक पटल : 11

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Tamil