अमेरिका के न्यूयॉर्क की कोर्ट में जब वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को कोर्ट में लाया गया तब उन्होंने अपने ईश्वर का नाम लिया. ये नाम भारत की एक जानी पहचानी हस्ती का था. मादुरो ने कहा, ‘भगवान के नाम पर, आप देखेंगे कि मैं आज़ाद हो जाऊंगा. मैं भगवान का आदमी हूं.’ वेनेजुएला के इस गिरे हुए ताकतवर नेता के कोर्टरूम के ड्रामे के पीछे एक अजीब आध्यात्मिक भक्ति है. ये भक्ति रोम के प्रति नहीं, बल्कि एक भारतीय गुरु के प्रति जिन्हें लाखों लोग ‘चमत्कारी’ इंसान मानते हैं.
निकोलस मादुरो का जन्म कैथोलिक-बहुल देश में कैथोलिक परिवार में हुआ था. मादुरो उन प्रमुख वेनेजुएला के राजनेताओं में से थे जिन्हें दिवंगत भारतीय गुरु श्री सत्य साईं बाबा का भक्त बताया जाता था. इनमें मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस, देश की नेशनल असेंबली की पूर्व अध्यक्ष और कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज शामिल थीं. साईं बाबा जिन्हें दुनिया भर में लाखों अनुयायियों के साथ ‘चमत्कारी’ शख्सियत के रूप में जाना जाता था. उनके भक्तों का मानना था कि उनमें बीमारों को ठीक करने से लेकर कहीं से भी चीजें प्रकट करने तक की क्षमताएं थीं. काराकास में मिराफ्लोरेस पैलेस में मादुरो के निजी कार्यालय में आने वाले लोगों ने पूर्व नेताओं ह्यूगो शावेज और सिमोन बोलिवर के साथ साईं बाबा की एक बड़ी फ्रेम वाली तस्वीर देखी होगी.
14 साल की उम्र में बताया वो शिरडी के सांई के अवतार हैं
1926 में जन्मे सत्यनारायण राजू जिन्हें सत्य साईं बाबा के नाम से जाना जाता है, कथित तौर पर 14 साल के थे जब उन्होंने अपने माता-पिता को बताया कि वह 19वीं सदी के पूजनीय हिंदू और मुस्लिम संत शिरडी साईं बाबा के पुनर्जन्म हैं. अक्सर अपने घुंघराले बालों से पहचाने जाने वाले सत्य साईं बाबा ने ‘सबसे प्यार करो, सबकी सेवा करो’, ‘हमेशा मदद करो, कभी चोट न पहुंचाओ’ और ऐसे ही संदेश दिए जो सेवा को आध्यात्मिक विकास के लिए हर कोई मानता था. उनका संदेश धार्मिक जुड़ाव से परे था और सभी पृष्ठभूमि के लोग उनका अनुसरण करते थे जो अपनी साप्ताहिक पूजा में भजन, मंत्र और स्तोत्र का इस्तेमाल करते थे.
वेनेजुएला में घर-घर में कैसे मशहूर हुए सत्य साईं?
साईं बाबा और उनके संगठनों के व्यापक रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले लोगो में पांच प्रमुख धर्मों के प्रतीक थे. संगठन की वेबसाइट के अनुसार श्री सत्य साईं अंतर्राष्ट्रीय संगठन 120 से अधिक देशों में कई फाउंडेशन, ट्रस्ट और चैरिटी चलाता था. जो मुफ्त अस्पतालों, स्कूलों, आश्रमों, विश्वविद्यालयों और स्वच्छ पेयजल परियोजनाओं के माध्यम से मानवीय राहत प्रदान करता था. दुनिया भर में लगभग 2,000 सत्य साईं केंद्र थे. अमेरिका में संगठन की 22 लैटिन अमेरिकी देशों में आधिकारिक उपस्थिति थी और कई लोगों ने वेनेजुएला को अनुयायियों की सबसे अधिक संख्या वाला देश बताया. वेनेजुएला में 30 से अधिक छोटे समूह या आधिकारिक केंद्र स्थित थे. जिसमें एंडीज पहाड़ों से लेकर सबसे दक्षिणी सिरे पर अमेज़ॅन जनजातियों तक के भक्त शामिल थे.
पहले मादुरो की पत्नी बनी थी साईं की भक्त
रिपोर्ट के अनुसार मादुरो अपनी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के माध्यम से घुंघराले बालों वाले साईं बाबा के कट्टर अनुयायी बन गए जो खुद एक वकील और सांसद थीं और मादुरो से शादी करने से बहुत पहले से ही सत्य साईं की भक्त थीं. यह फ्लोरेस ही थीं जो मादुरो को शादी से बहुत पहले 2005 में साईं बाबा से मिलने भारत लाई थीं. तब वह पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज की वकील थीं और मादुरो असेंबली के स्पीकर थे. जब मादुरो को विदेश मंत्री नियुक्त किया गया तो फ्लोरेस ने आखिरकार स्पीकर के रूप में उनकी जगह ले ली. 2005 की एक तस्वीर में मादुरो और फ्लोरेस, जो साईं बाबा को फॉलो करने वाले दोनों में से पहली थीं. भारत के दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में उनके प्रशांति निलयम आश्रम में गुरु से मुलाकात के दौरान फर्श पर घुटने टेकते हुए दिखाई देते हैं. कई तस्वीरों और वीडियो में रोड्रिग्ज 2023 और 2024 में आश्रम में आध्यात्मिक नेता के सम्मान में झुकते हुए दिखाई दिए.
मादुरो दंपति की वजह से बढ़ी वेनेजुएला में लोकप्रियता
वेनेजुएला में सत्य साईं बाबा की लोकप्रियता काफी हद तक राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के प्रभाव की वजह से बढ़ी. बताया जाता है कि 2005 में मादुरो ने भारत में सत्य साईं बाबा से मुलाकात की थी. इस मुलाकात का उन पर इतना प्रभाव पड़ा कि बाद में उन्होंने अपने कार्यालय में साईं बाबा की तस्वीर लगाई और कई राजनीतिक भाषणों में उनके उपदेशों और विचारों का ज़िक्र भी किया. वेनेजुएला में राजनीतिक और आर्थिक संकट के दौरान मादुरो अक्सर साईं बाबा की शिक्षाओं का हवाला देते हुए जनता से धैर्य, शांति और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने की अपील करते थे. इससे देश के सामान्य लोगों में बाबा के प्रति जिज्ञासा और सम्मान बढ़ा.
साल 2011 में हुआ था सत्य साईं का निधन
जब साल 2011 में 84 साल की उम्र में साईं बाबा का निधन हुआ, तो मादुरो ने वेनेजुएला सरकार से एक आधिकारिक शोक प्रस्ताव जारी करवाया और राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया. नवंबर 2025 में साईं बाबा के जन्मदिन पर मादुरो के शासन के गिरने से कुछ ही हफ़्ते पहले उन्होंने एक पब्लिक बयान जारी किया, जिसे उनका आखिरी गैर-राजनीतिक संदेश माना गया. मादुरो ने कहा, ‘सत्य साईं से मुलाकात के बाद से वो मुझे वह हमेशा याद रहते हैं. … इस महान गुरु की समझदारी हमें ज्ञान का मार्ग दिखाती रही है. मादुरो ने गुरु सत्य साईं को एक चमत्कारी इंसान बताया.’
यह भी पढ़ेंः वेनेज़ुएला का तेल अब ट्रंप बेचेंगे, पाई-पाई का रखेंगे हिसाब, तुरंत आदेश हुआ जारी
