News in Brief

Team India Squad: न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. शनिवार को बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा कर दी है. टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, जो इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI शृंखला में चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे. वहीं, उपकप्तान श्रेयस अय्यर को भी जगह मिली है, लेकिन उनकी फिटनेस पर अभी भी निगरानी रहेगी. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर नजरअंदाज किया है.

भारत की ODI टीम से मोहम्मद शमी को लगातार नजरअंदाज किए जाने के बाद ये सवाल उठना लाजमी है कि क्या अब चयनकर्ताओं ने मन बना लिया है कि शमी चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, अब उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा बंद हो चुका है.

मोहम्मद शमी के लिए बंद हुआ दरवाजा?

Add Zee News as a Preferred Source

ये सवाल इसलिए भी उठाए जा रहे हैं क्योंकि ऐसा नहीं है कि मोहम्मद शमी चोटिल हैं. अनुभवी पेसर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेल रहे हैं और लगातार 10 ओवर डाल भी रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए प्रीमियम फास्ट बॉलर जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया, लेकिन फिर भी शमी को जगह नहीं मिली. उन्हें पिछले एक साल से नजरअंदाज किया जा रहा है. हैरान करने वाली बात ये है कि वो इस फॉर्मेट में सबसे सफल भारतीय गेंदबाजों में से एक रहे हैं. मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अभी तक 108 ODI मुकाबले खेले हैं और 24.05 की औसत से 206 विकेट चटकाए हैं. इतना ही नहीं, शमी 50-ओवर वर्ल्ड कप में सबसे सफल गेंदबाज हैं. उन्होंने विश्व कप में 55 विकेट झटके हैं.

इन 3 खिलाड़ियों के साथ भी धोखा!

बढ़ते उम्र के कारण नजरअंदाज किए जाने वालों की लिस्ट में मोहम्मद शमी अकेले नहीं हैं. 3 और ऐसे तेज गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अचानक टीम इंडिया से बाहर हो गए और फिर गुमनाम बन गए. भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव और इशांत शर्मा इस लिस्ट में शामिल हैं.

भुवनेश्वर कुमार

भुवनेश्वर कुमार पिछले तीन साल से टीम इंडिया से बाहर हैं. उन्होंने आखिरी बार 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच खेला था और उसके बाद उन्हें कभी मौका नहीं मिला. भुवी ने भारत के लिए 21 टेस्ट, 121 ODI और 87 T20I खेले और उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 294 विकेट हैं.

उमेश यादव

एक समय अपनी रफ्तार से विरोधी बल्लेबाजों के नाक में दम कर देने वाले इंडियन बॉलर उमेश यादव भी अचानक गुमनाम हो गए. 38 वर्षीय पेसर ने आखिरी बार भारत के लिए 2023 में खेला था. उनका फॉर्म थोड़ा खराब जरूर हुआ, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी तरफ फिर मुड़कर भी नहीं देखा. उमेश यादव के नाम टेस्ट में 170 विकेट हैं. उन्होंने ODI में 106 और T20I में 12 विकेट चटकाए हैं.

इशांत शर्मा

इस लिस्ट में लंबे कद के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का नाम भी शामिल है. हैरान करने वाली बात ये है कि इशांत भारत के लिए टेस्ट मे कपिल देव के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया. 37 वर्षीय इशांत अभी भी डोमेस्टिक क्रिकेट में मेहनत कर रहे हैं, लेकिन शायद ही उन्हें अब टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिलेगा. उन्होंने आखिरी बार 2021 में खेला था.

ये भी पढ़ें: बेन स्टोक्स की करिश्माई पारी… इंग्लैंड के 2 बल्लेबाजों ने बनाए 399 रन, टेस्ट क्रिकेट में पहली बार हुआ ये अद्भुत कारनामा