China recalled his two pandas: जापान में अब पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि देश में एक भी पांडा नहीं बचेगा. टोक्यो के उएनो चिड़ियाघर में मौजूद जुड़वां पांडा शियाओ शियाओ और लेई लेई इस हफ्ते चीन लौट रहे हैं. रविवार को लोगों को उन्हें आखिरी बार देखने का मौका मिला था. हजारों पांडा प्रेमी उएनो जू में पहुंचे थे. सबकी आंखों में उदासी थी. कई लोग खिलौने और पांडा से जुड़ी चीजें लेकर आए थे. हर कोई उनकी एक झलक पाना चाहता था. चिड़ियाघर ने हर व्यक्ति को सिर्फ एक मिनट देखने की इजाजत दी थी. इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हुई. ये पल जापान के लिए भावुक और ऐतिहासिक दोनों था.
टूट गया 50 साल से चला आ रहा सिलसिला
मंगलवार को दोनों पांडा चीन भेज दिए जाएंगे. इसके साथ ही जापान में पिछले 50 सालों से चला आ रहा पांडा का सिलसिला खत्म हो जाएगा. चीन ने पहली बार 1972 में पांडा जापान को भेजे थे. यह दोनों देशों के रिश्ते सामान्य होने की खुशी में दिया गया तोहफा था. तब से लेकर अब तक कई पांडा जापान आए और लोकप्रिय हुए. वे देश के स्टार जैसे बन गए थे. लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. टोक्यो और बीजिंग के रिश्ते काफी तनावपूर्ण हैं. इसी वजह से नए पांडा आने की संभावना भी बहुत कम लग रही है.
जापान में हुए पैदा- तो चीन का हक कैसे?
शियाओ शियाओ और लेई लेई का जन्म 2021 में उएनो चिड़ियाघर में हुआ था. वे चीन के पांडा शिन शिन और री री के बच्चे हैं. अब सवाल ये खड़ा होता है कि ये दोनों जापान में पैदा हुए हैं तो चीन का हक कैसे है इनपर? दरअसल चीन पांडा दूसरे देशों को उधार देता है लेकिन उनका मालिकाना हक अपने पास रखता है. यहां तक कि विदेश में जन्मे बच्चों पर भी चीन का ही अधिकार रहता है. इसी नियम के तहत इन दोनों को भी अब वापस भेजा जा रहा है. रविवार को आखिरी दिन उन्हें देखने के लिए ऑनलाइन टिकटों की भारी मांग थी. कई लोग टिकट न मिलने के बावजूद जू पहुंचे. वे बस वहां मौजूद रहना चाहते थे.
पांडा को वापस भेजने का क्या कारण है?
जापान और चीन के रिश्ते इन दिनों अच्छे नहीं हैं. राजनीतिक और सुरक्षा मामलों में दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है. जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के बयान से चीन नाराज है. उन्होंने कहा था कि अगर चीन ताइवान पर हमला करता है तो जापान दखल दे सकता है. इससे बीजिंग और भड़क गया. इसके अलावा पूर्वी चीन सागर में दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद भी है. चीन के बढ़ते प्रभाव से जापान चिंतित है. इन सब कारणों से रिश्तों में ठंडापन आ गया है. इसी वजह से पांडा जैसे सांस्कृतिक रिश्ते भी प्रभावित हो रहे हैं.
वापस नहीं आएंगे पांडा?
जापान के सरकारी प्रवक्ता मिनोरू किहारा ने बताया कि चीन ने जापानी वाणिज्य दूत के नए नाम को मंजूरी देने में देरी की है. एक महीने से चोंगकिंग में कौंसल नहीं है. यह भी दोनों देशों के तनाव का संकेत है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि जापान के लोग पांडा से प्यार करते हैं. वे चीन आकर उन्हें देख सकते हैं. लेकिन नए पांडा भेजने को लेकर कोई ठोस बात नहीं कही गई है . इससे साफ है कि फिलहाल चीन इस मुद्दे पर नरमी नहीं दिखा रहा है.
पांडा है चीन की कूटनीति का जरूरी हिस्सा
पांडा चीन की कूटनीति का अहम हिस्सा रहे हैं. उन्हें दोस्ती के प्रतीक के तौर पर दूसरे देशों को दिया जाता रहा है. पहले चीन पांडा तोहफे में देता था. बाद में उसने उन्हें किराये पर देने की नीति अपनाई थी. विदेशी चिड़ियाघरों को हर साल फीस देनी होती है. यह पैसा संरक्षण और शोध में लगाया जाता है. अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देशों को भी पांडा दिए गए हैं. लेकिन जापान में पांडा का खास भावनात्मक महत्व है. वे यहां संस्कृति का हिस्सा बन गए हैं.
जापान में है भावनात्मक महत्व
उएनो इलाके में हर तरफ पांडा की तस्वीरें दिखती हैं. कुकीज, मिठाइयां, स्टेशनरी और खिलौनों पर पांडा बने होते हैं. स्टेशन के बाहर पांडा की मूर्तियां हैं. एक डिपार्टमेंट स्टोर में पूरा सेक्शन पांडा के सामान से भरा है. एक दुकानदार असाओ एजुरे ने कहा कि पांडा उएनो की पहचान हैं. वे एक सितारे की तरह हैं. उन्हें चिंता है कि उनके बिना कारोबार पर असर पड़ेगा. उन्होंने दुकान के बोर्ड से पांडा की तस्वीर हटाने से इनकार कर दिया. उनका मानना है कि पांडा फिर लौटेंगे.
पांडा के ना होने से होगा 20 अरब येन का नुकसान?
अर्थशास्त्री कात्सुहिरो मियामोटो के मुताबिक पांडा न होने से हर साल करीब 20 अरब येन का नुकसान होगा. यह रकम लगभग 128 मिलियन डॉलर के बराबर है. अगर यह हालात कई साल चले तो नुकसान और बढ़ जाएगा. ऐसा इसलिए की पांडा को देखने भर के लिए वहां साल भर में करोड़ो लोग आते हैं. उन्होंने कहा कि पांडा प्रेमियों के लिए यह दुखद है. वे चाहते हैं कि पांडा जल्द लौटें. फिलहाल जापान में खाली पिंजरे रह जाएंगे. लोग उन्हें देखकर पुराने दिनों को याद करेंगे. यह कहानी सिर्फ जानवरों की नहीं है. यह रिश्तों, भावनाओं और राजनीति की भी कहानी है.
ये भी पढ़ें: सुलग उठा मिनेसोटा! बॉर्डर अधिकारी की गोली से भड़का गुस्सा, ट्रंप बोले- ‘मेयर और गवर्नर ने किया अरबों का घोटाला’
