News in Brief

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग

azadi ka amrit mahotsav

सीसीआई और नैसकॉम ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, प्रतिस्पर्धा और शासन पर कार्यशाला का आयोजन किया

प्रविष्टि तिथि: 19 DEC 2025 8:17PM by PIB Delhi

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनीज (नैसकॉम) के सहयोग से 19 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रतिस्पर्धा और शासन” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम के रूप आयोजित की गई, जो एआई शासन के लिए एक संतुलित और दूरदर्शी ढांचा विकसित करने की भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।

इस कार्यशाला में वरिष्ठ नीति निर्माताओं, नियामकों, उद्योग प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, प्रतिस्पर्धा, उपभोक्ता संरक्षण और शासन के तेजी से विकसित हो रहे अंतर्संबंधों पर विचार-विमर्श किया। इन चर्चाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल से पैदा होने वाली चुनौतियों, समन्वित नियामक प्रतिक्रियाओं की ज़रुरत और नवाचार को बढ़ावा देते हुए प्रतिस्पर्धी बाजारों को संरक्षित करने के महत्व पर ध्यान केंद्रित किया गया।

श्रीमती रवनीत कौर, अध्यक्ष, सीसीआई और श्री अभिषेक सिंह, अतिरिक्त सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईटीआई) और सीईओ, इंडियाएआई मिशन ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती दीप्ति गौर मुखर्जी भी उद्घाटन सत्र में उपस्थित थीं।

नैसकॉम की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता गुप्ता ने उद्घाटन सत्र के दौरान प्रारंभिक भाषण दिया। सत्र का समापन श्री आशीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष, लोक नीति, नैसकॉम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

उद्घाटन सत्र में बाज़ारों को बदलने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका और सशक्त शासन के ढाँचे की ज़रुरत पर रोशनी डाली गई।

इसके बाद तीन पूर्ण सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें एआई शासन और नियामक समन्वय, एआई बाज़ार और प्रतिस्पर्धा परिदृश्य तथा प्रतिस्पर्धी बाज़ारों में अनुपालन, पारदर्शिता, नैतिकता और ज़िम्मेदार एआई से जुड़े मुद्दों की चर्चा की गई। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रतिस्पर्धा पर सीसीआई के बाज़ार अध्ययन की प्रस्तुति, चर्चाओं का एक अहम हिस्सा थी।

“एआई गवर्नेंस, उपभोक्ता संरक्षण और नियामक समन्वय” पर प्रथम पूर्ण सत्र की अध्यक्षता उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव और केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की मुख्य आयुक्त श्रीमती निधि खरे ने की, जबकि “एआई बाजार और प्रतिस्पर्धा परिदृश्य को समझना” पर आधारित दूसरे पूर्ण सत्र की अध्यक्षता सीसीआई की अध्यक्ष श्रीमती रवनीत कौर ने की। “प्रतिस्पर्धी बाजारों के लिए अनुपालन, पारदर्शिता, नैतिकता और जिम्मेदार एआई” पर तीसरे पूर्ण सत्र की अध्यक्षता नैसकॉम की वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता गुप्ता ने की।

समापन भाषण भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के सदस्य श्री अनिल अग्रवाल ने दिया।

कार्यशाला का समापन भविष्य की राह पर विचार-विमर्श के साथ हुआ, जिसमें प्रतिस्पर्धा सिद्धांतों, उपभोक्ता कल्याण और जनहित को ध्यान में रखते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संचालित नवाचार की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सहयोग और जोखिम पर आधारित और आनुपातिक नियामक दृष्टिकोणों के महत्व पर बल दिया गया।

****

पीके/केसी/एनएस

(रिलीज़ आईडी: 2206880) आगंतुक पटल : 12

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English