News in Brief

टीम इंडिया ने शुक्रवार को अहमदाबाद में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इसी के साथ ही तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया. हार्दिक पंड्या को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, जबकि वरुण चक्रवर्ती को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया. हार्दिक पांड्या ने इस मैच में 25 गेंदों में 5 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 63 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की. वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बने, जिन्होंने 16 गेंदों में यह कारनामा किया.

टी20 सीरीज जीतने के बाद कप्तान ने क्या कहा?

वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने इस सीरीज के 4 मुकाबलों में 11.20 की औसत के साथ 10 विकेट हासिल किए. अहमदाबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में उन्होंने 4 ओवरों में 53 रन देकर 4 विकेट निकाले. बतौर कप्तान सीरीज जीतकर सूर्यकुमार यादव बेहद खुश हैं, लेकिन खुद के निजी प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं. सीरीज जीतने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में सूर्या ने कहा, ‘हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते थे, वैसा ही किया. नतीजा हमारे सामने है. यह पूरी कोशिश पहले नहीं हो रही थी. खुशी है कि हम इसे दोहरा पाए.’

Add Zee News as a Preferred Source

सूर्या ने अपनी खराब फॉर्म को लेकर कर दिया बड़ा कमेंट

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘हम बुमराह से पावरप्ले में एक ओवर, ड्रिंक्स के बाद बीच में एक ओवर और फिर आखिर में गेंदबाजी करवाना चाहते थे. हमें चुनौती मिली, लेकिन आप कैसे वापसी करते हैं, यह अहम है.’ भले ही बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सीरीज जीती, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर 4 मुकाबलों में 8.50 की औसत के साथ 34 रन ही बना सके. उन्होंने अपने प्रदर्शन को लेकर कहा, ‘यह एक अच्छी चुनौतीपूर्ण सीरीज थी. हमने वही किया जो हम कर सकते थे. बस एक ही बात है कि हमें बल्लेबाज सूर्यकुमार नहीं मिला, मुझे लगता है कि वह कहीं गायब है.’

‘सूर्या जोरदार वापसी करेगा’

सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘वह (सूर्या) जोरदार वापसी करेगा. एक लीडर के तौर पर, मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि सीरीज का नतीजा कैसा रहा.’ दूसरी ओर, सीरीज गंवाने के बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्करम ने कहा, ‘230 रन (232 रन) बनाने के लिए लगभग परफेक्ट चेज की जरूरत थी. हमारे टॉप तीन बल्लेबाजों ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन मिडिल ऑर्डर उसे आगे नहीं बढ़ा पाया, लेकिन ये सबक वर्ल्ड कप के लिए बहुत काम आ सकते हैं. इस सीरीज में हमारा अनुभव अच्छा रहा, अब हमें पता है कि हमें क्या करना है.’

भारत ने 30 रन से जीता मैच

भारत ने तिलक वर्मा (73) और हार्दिक पांड्या (63) की शानदार पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 231 रन बनाए. इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 201 रन ही बना सकी. भारत ने यह मैच 30 रन से जीत लिया. क्विंटन डि कॉक ने 65 रन बनाए, लेकिन मेहमान टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने 4 विकेट हासिल किए.