News in Brief

India vs USA: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया है. शनिवार (7 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से हरा दिया. इस जीत के नायक कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने मुश्किल स्थिति में टीम को संभालने का काम किया और 84 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि, बाद में खुद सूर्या ने ये कुबूल किया कि नंबर-8 पर बैटिंग करने आए अर्शदीप सिंह ने एक चौका मारकर मैच पलट दिया.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह टीम इंडिया की बस में कप्तान सूर्यकुमार यादव से मजेदार बातचीत कर रहे हैं. अर्शदीप ने पहले शानदार पारी खेलने के लिए सूर्या को बधाई दी और फिर पूछा कि मेरे साथ जो पार्टनरशिप हुई, वो कैसी थी?

अर्शदीप के चौके से पलटा मैच?

Add Zee News as a Preferred Source

मजेदार वीडियो की शुरुआत में सूर्या ने कहा कि आपके साथ मेरी पार्टनरशिप बहुत तगड़ी रही, मजा आ गया. आपसे थोड़ा सा मोटिवेशन मिला मुझे. कप्तान की बातें सुनने के बाद अर्शदीप ने जवाब में कहा, ”मेरा थोड़ा योगदान कम था, लेकिन जाते ही मैंने जो इंटेंट दिखाया ना, तो वो थोड़ा घबरा गए कि अगर ये मार रहा है तो सूर्या कितना मारेगा. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि आपने जो चौका मारा ना, मैच वहीं से पलट गया और मुझे लगता है आपके नंबर-8 पर बैटिंग पोजिशन पक्का कर लिया है.

बता दें कि सूर्या और अर्शदीप की ये बातचीत भले ही मजाकिया अंदाज में हुई हो, लेकिन अमेरिका के खिलाफ मैच में दोनों के बीच हुई साझेदारी सच में खास थी. पहले अर्शदीप ने आते ही चौका लगाया और उसके बाद कप्तान ने USA के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई. दोनों ने 14 गेंदों पर 24 रन जोड़े. अर्शदीप सिंह 4 रन बनाकर आउट हुए. उसके बाद नंबर-10 पर वरुण चक्रवर्ती आए, लेकिन सूर्या ने उन्हें खेलने का मौका ही नहीं दिया और आखिरी ओवर में जोरदार पिटाई करते हुए 21 रन बना दिए. उनकी ताबड़तोड़ बैटिंग के दम पर भारत ने 161 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी और भारत ने 29 रन से मुकाबला जीत लिया.

ये भी पढ़ें: बदला हो तो ऐसा… अफगानिस्तान को हराकर न्यूजीलैंड ने हिला डाला रिकॉर्ड बुक, T20I में पहली बार हुआ ऐसा