News in Brief

प्रधानमंत्री कार्यालय

azadi ka amrit mahotsav

सेशेल्स की यात्रा (27-29 जून, 2026) से पहले प्रधानमंत्री का प्रस्थान वक्तव्य

प्रविष्टि तिथि: 27 JUN 2026 8:30AM by PIB Delhi

मेरे मित्र, महामहिम डॉ. पैट्रिक हर्मिनी, सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर, मैं सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए 27-29 जून 2026 तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा करूंगा।

सेशेल्स हमारा एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है और हमारे विजन महासागर तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता में एक प्रमुख भागीदार है। इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं, जो आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के प्रति सम्मान और हमारे लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित हैं।

फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की सफल भारत यात्रा के बाद, मैं उनसे होने वाली वार्ताओं की प्रतीक्षा कर रहा हूँ, जिनका उद्देश्य हमारी स्थायी मित्रता को और सुदृढ़ करना है। हम मिलकर अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करेंगे।

इस यात्रा के दौरान, मुझे सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त होगा। यह ऐतिहासिक अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को प्रदर्शित करता है।

मैं सेशेल्स में बसे जीवंत भारतीय समुदाय से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। उन्होंने पीढ़ियों से भारत और सेशेल्स की विशेष मित्रता को सुदृढ़ किया है तथा दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभाई है।

मुझे विश्वास है कि मेरी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ाएगी और एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी।

****

पीके/केसी/केएल/एमबी

(रिलीज़ आईडी: 2278354) आगंतुक पटल : 26