Brandon Gill: अमेरिका के टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद ब्रैंडन गिल अपने एक विवादित बयान को लेकर घिरते नजर आ रहे हैं. जानकारी के अनुसार, गिल ने टेक्सास के डलास क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ते इस्लामीकरण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि स्थानीय मॉल में जाने पर ऐसा महसूस होता है मानो वह डलास नहीं, बल्कि पाकिस्तान हो. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े ब्रैंडन गिल ने ‘रियल अमेरिकाज वॉयस’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के कई लोग डलास की बदलती सांस्कृतिक पहचान को लेकर चिंतित हैं. गिल के मुताबिक, जब लोग मॉल में जाते हैं तो उन्हें ऐसा लगता है जैसे वे पाकिस्तान में हों, डलास में नहीं. उन्होंने इसे स्थानीय समुदाय के लिए एक गंभीर समस्या बताया.
बड़ी संख्या में बनाई जा रही मस्जिदें: गिल
सांसद गिल ने दावा किया कि दशकों से स्थानीय परिवारों के स्वामित्व वाली जमीनों के आसपास बड़ी संख्या में मस्जिदें बनाई जा रही हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि बड़े पैमाने पर इस्लामी प्रवासन उस अमेरिका को खत्म कर रहा है, जिसे वे जानते और पसंद करते हैं. उनके इस बयान को कई लोगों ने मुस्लिम समुदाय और प्रवासियों के खिलाफ नफरत फैलाने वाला करार दिया है.
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई क्योंकि ब्रैंडन गिल की पत्नी डेनियल डीसूजा गिल भारतीय मूल की हैं. डेनियल, प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी लेखक और ट्रंप समर्थक दिनेश डीसूजा की बेटी हैं. कई यूजर्स ने गिल के पाकिस्तान वाले संदर्भ को उनकी पत्नी की भारतीय पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा. कुछ ने आरोप लगाया कि वह भारत-पाकिस्तान की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता को राजनीतिक बयानबाजी में इस्तेमाल कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि गिल नई दिल्ली में रहने के इतने आदी हो गए हैं कि पाकिस्तान से नफरत करना उनके स्वभाव का हिस्सा बन गया है. वहीं, कई अन्य यूजर्स ने उनके बयान को नस्लवादी और विभाजनकारी बताया.
बता दें, ये पहला मौका नहीं है जब ब्रैंडन गिल और उनकी पत्नी विवादों में आए हों. इससे पहले न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी के साथ उनका टकराव चर्चा में रहा था. उस दौरान गिल ने ममदानी का हाथ से चावल खाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था और इसे असभ्य बताते हुए उन्हें तीसरी दुनिया में वापस जाने की सलाह दी थी. इस पर भारी आलोचना हुई थी.
ये भी पढ़ें: मिलान ओलंपिक से पहले सुलगा इटली: सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग, मेलोनी के खिलाफ क्यों हो रही जनता?
उस विवाद के दौरान डेनियल डीसूजा गिल ने अपने पति का बचाव करते हुए कहा था कि वह अमेरिका में पली-बढ़ी हैं और हमेशा फोर्क का इस्तेमाल करती हैं. जब सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें उनकी भारतीय जड़ों की याद दिलाई, तो उन्होंने खुद को क्रिश्चियन मागा देशभक्त बताते हुए कहा था कि उनके ईसाई रिश्तेदार भी हाथ से खाना नहीं खाते.
जानिए कौन हैं ब्रैंडन गिल?
बता दें, ब्रैंडन गिल टेक्सास के 26वें सांसद हैं. वर्ष 2024 में चुने जाने के बाद से ही वे अपने सख्त आव्रजन विरोधी रुख के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने ‘शरिया-फ्री अमेरिका’ जैसे अभियानों का समर्थन किया है और हाल ही में सोमालिया से आने वाले प्रवासियों पर 25 वर्षों तक प्रतिबंध लगाने से संबंधित एक विधेयक भी पेश किया था. गिल के ताजा बयान ने अमेरिका में आव्रजन, धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक विविधता पर चल रही बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है.
