बांग्लादेश में एक हिंदू मजदूर दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के बाद लटका कर जलाने की घटना ने करोड़ों भारतीयों को गुस्से से भर दिया है. प्रोटेस्ट हो रहे हैं, सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया जा रहा है. भारत में मौजूद बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने इसके लिए मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. भाजपा के नेता अमित मालवीय ने जो वीडियो शेयर किया है, वह देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. इन सबके बीच एक ही सवाल पूछा जा रहा है आखिर उस हिंदू का गुनाह क्या था? पुलिस प्रशासन ने अब साफ कर दिया है कि दीपू ने ईशनिंदा जैसा कुछ भी सोशल मीडिया पर नहीं लिखा था. बांग्लादेशी मीडिया की एक रिपोर्ट से पता चला है कि फैक्ट्री को बचाने के लिए उसके लोगों ने ही दीपू को भीड़ के हवाले कर दिया था.
हां, डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक हिंदू युवक दीपू एक गारमेंट कंपनी में काम करता था. एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर है जिसमें दीपू किसी ऑफिस में डरा हुआ खड़ा दिखता है. बाद में वह कट्टरपंथियों के हाथ कैसे लग गया? क्या उसे जानबूझकर मरने के लिए छोड़ दिया गया? पाकिस्तान में जैसा हिंदुओं के साथ हो रहा था, अब बांग्लादेश में भी अफवाह फैलाकर इस्लाम के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाना शुरू हो गया है. भालुका में उन्मादी भीड़ ने दीपू चंद्र दास को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. उसके शव के साथ भी निर्दयता की हद पार की गई. उसे नंगा किया गया. भीड़ ने उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी. इन दरिंदों की भीड़ तमाशबीन बनी रही, कुछ लोग वीडियो बनाते रहे.
फैक्ट्री ने ही दीपू को सौंप दिया
हां, एक अधिकारी ने डेली स्टार से कहा है कि जब हालात काफी खराब हो गए तब फैक्ट्री को बचाने के लिए दीपू को जबरदस्ती फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया गया. मतलब उसे कट्टरपंथियों के हाथों मरने के लिए सौंप दिया गया था. हालांकि कुछ रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि दीपू को एक थाने से बाहर खींचकर मारा गया.
अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि मैमनसिंह के भालुका में जिस हिंदू को मारा गया, उसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कोई बात कही थी. मैमनसिंह में कंपनी कमांडर मोहम्मद शम्सुज्जमां ने बताया है कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे पता चले कि मृतक ने फेसबुक पर कुछ ऐसा लिखा था जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं.
बस अड्डे के पास पेड़ से लटकाया और…
स्थानीय लोग या गारमेंट फैक्ट्री के दूसरे मजदूर भी ऐसी कोई बात नहीं बता पाए. हर कोई कह रहा है कि उन्होंने दीपू को ऐसा कुछ कहते हुए नहीं सुना. फिर भी कट्टरपंथियों की भीड़ ने उसे लाठियों और दूसरे हथियारों से पीटकर मार डाला. शव को ढाका-मैमनसिंह हाईवे के बीच एक चौक पर बस स्टैंड के पास पेड़ से लटका दिया गया और आग लगा दी.
पुलिस का कहना है कि उसने दो लोगों को हिरासत में लिया. उनसे पूछताछ के आधार पर पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया. हालांकि भीड़ में 100 से ज्यादा लोग दिखाई दे रहे हैं. विदेश में कई लोग बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर बोल रहे हैं. दीपू के परिवार में उसकी दो साल की बेटी और पत्नी है. कुछ हिंदू संगठन दीपू की परिवार के सपोर्ट में सामने आए हैं.
