Larry the cat 15 years anniversary: ब्रिटेन की राजनीति में चेहरे बदलते रहते हैं. डेविड कैमरन से लेकर कीर स्टार्मर तक छह प्रधानमंत्री 10 डाउनिंग स्ट्रीट की दहलीज लांघ चुके हैं. लेकिन एक शख्सियत ऐसी है जो 15 फरवरी 2011 से आज तक वहीं जमी हुई है वह है  लैरी द कैट, लंदन की सड़कों पर भटकने वाली एक साधारण बिल्ली से फर्स्ट फेलाइन और चीफ माउसर बनने तक का लैरी का सफर किसी फिल्म से कम नहीं है. कभी अमेरिकी राष्ट्रपति की कार के नीचे सो जाना, तो कभी विदेशी मेहमानों के सामने फोटो खिंचवाना, लैरी अब ब्रिटेन की सॉफ्ट पावर का प्रतीक बन चुकी है. 

क्या है लैरी की कहानी?
लैरी की कहानी भी काफी दिलचस्प है. वह कभी लंदन की सड़कों पर भटकने वाली एक साधारण बिल्ली थी. बाद में उसे बैटरसी डॉग्स एंड कैट्स होम से गोद लिया गया. उस समय ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन थे. 15 फरवरी 2011 को लैरी को 10 डाउनिंग स्ट्रीट लाया गया. तभी से वह वहां का आधिकारिक चीफ माउसर यानी चूहा पकड़ने वाला बन गया. सरकारी वेबसाइट के अनुसार उसके कामों में मेहमानों का स्वागत करना, सुरक्षा की जांच करना और पुराने फर्नीचर पर आराम से सोने की जगह ढूंढना भी शामिल है.

लैरी अक्सर डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर दिखाई देता है. वह दुनिया भर के नेताओं की मुलाकातों के दौरान फोटो में भी नजर आ जाता है. फोटोग्राफरों का कहना है कि जैसे ही कोई बड़ा नेता आता है, लैरी भी अचानक दरवाजे के पास पहुंच जाता है. उसकी यही आदत उसे और लोकप्रिय बनाती है. बताया जाता है कि वह ज्यादा दोस्ताना स्वभाव का नहीं है, खासकर पुरुषों के साथ, लेकिन अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को वह पसंद करता था. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी वह मिल चुका है.

Add Zee News as a Preferred Source

डोनाल्ड ट्रंप से भी मिला था लैरी
2019 में जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ब्रिटेन आए थे, तब लैरी आधिकारिक फोटो के दौरान वहां पहुंच गया था. बाद में वह ट्रंप की बुलेटप्रूफ कार के नीचे जाकर सो गया था. हालांकि उसके चूहा पकड़ने के हुनर को लेकर अलग-अलग बातें कही जाती हैं. कभी-कभी उसे चूहा पकड़ते देखा गया है. एक बार उसने एक कबूतर भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उड़कर बच निकला. फोटोग्राफरों का कहना है कि वह लड़ाकू से ज्यादा आराम पसंद है.

लैरी कई प्रधानमंत्रियों के पालतू जानवरों के साथ भी रह चुका है. बोरिस जॉनसन के कुत्ते डिलिन और ऋषि सुनक के लैब्राडोर नोवा के साथ उसका रिश्ता हमेशा आसान नहीं रहा. अब प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के परिवार की बिल्लियां जोजो और प्रिंस अलग हिस्से में रहती हैं, जबकि लैरी सरकारी हिस्से का मालिक माना जाता है. विदेश मंत्रालय की बिल्ली पामरस्टन के साथ भी उसका झगड़ा हुआ था. 2020 में पामरस्टन रिटायर हो गई थी.

आज लैरी की उम्र करीब 18 या 19 साल मानी जाती है. वह पहले जितना सक्रिय नहीं रहा, लेकिन अब भी डाउनिंग स्ट्रीट में घूमता रहता है. अक्सर वह दरवाजे के पास खिड़की के नीचे रेडिएटर के ऊपर सोता हुआ दिखता है. कई लोग उसे ब्रिटेन की सॉफ्ट पावर का हिस्सा मानते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर कोई प्रधानमंत्री उसे हटाने की कोशिश करे, तो यह राजनीतिक तौर पर नुकसानदायक हो सकता है. लैरी की यही अलग पहचान उसे ब्रिटेन की राजनीति का सबसे अनोखा चेहरा बनाती है.

ये भी पढ़ें:  बीएनपी की शानदार जीत से दक्षिण एशिया की भू-राजनीति कैसे बदल सकती है? भारत-चीन-पाक के लिए बांग्लादेश का क्या महत्व है?