
अमेरिका के टक्सन शहर से सामने आया एक रहस्यमयी मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है. मशहूर मॉर्निंग शो Today की एंकर सावाना गुथरी की मां नैन्सी गुथरी पिछले तीन हफ्तों से लापता हैं. पुलिस, FBI और स्थानीय एजेंसियां लगातार खोज में जुटी हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है
हजारों टिप्स, फिर भी जांच अधूरी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, 1 फरवरी से अब तक FBI को 13 हजार से ज्यादा टिप्स मिल चुके हैं. वहीं पिमा काउंटी शेरिफ विभाग को 18 हजार से ज्यादा फोन कॉल आए हैं. हर सूचना की जांच की जा रही है, लेकिन कोई भी सुराग सीधे नैन्सी तक नहीं पहुंचा पाया. अधिकारियों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर मिली जानकारी को छांटना और जांचना ही अपने आप में बड़ी चुनौती बन गया है.
DNA वाला दस्ताना बना सबसे बड़ा सुराग
मामले में नया मोड़ तब आया, जब नैन्सी के घर से करीब दो मील दूर एक खेत में एक दस्ताना मिला. जांच एजेंसी Federal Bureau of Investigation (FBI) ने बताया कि इस दस्ताने को DNA जांच के लिए भेजा गया है. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह दस्ताना उसी नकाबपोश व्यक्ति का हो सकता है, जो घटना वाली रात घर के बाहर कैमरे में दिखाई दिया था. वीडियो में संदिग्ध बैकपैक, जैकेट और ग्लव्स पहने नजर आया था.
घर के बाहर मिले खून के निशान
पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी को नैन्सी गुथरी आखिरी बार अपने घर में देखी गई थीं. अगले दिन उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई. जांच के दौरान घर के पोर्च से खून के निशान मिले, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया. कुछ मीडिया संस्थानों को कथित फिरौती नोट भी भेजे गए थे, लेकिन तय समय गुजरने के बाद भी किसी ने संपर्क नहीं किया.
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
अधिकारियों ने बताया कि नैन्सी को रोजाना जरूरी दवाइयों की जरूरत होती है. उन्हें दिल से जुड़ी समस्याएं और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत है. यही वजह है कि जांच एजेंसियां समय को बेहद अहम मान रही हैं.
परिवार की अपील जारी
सावाना गुथरी और उनके भाई-बहनों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी कर अपहरणकर्ता से मां को सुरक्षित छोड़ने की अपील की है. परिवार ने कहा है कि वे उम्मीद नहीं छोड़ेंगे और हर संभव कोशिश जारी रखेंगे.

