News in Brief

WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) का रोमांच चरम पर है. लेकिन WPL का मजा फैंस के लिए 2 दिन के लिए किरकिरा होने वाला है. नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में 14 और 15 जनवरी को होने वाले मुकाबले बंद दरवाजों के बीच खेले जाएंगे. बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि की है. राज्य में मुंबई के नागरिक निकाय नगर निगम (BMC) और नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के चुनावों के कारण ये फैसला किया गया है. हालांकि, दर्शकों को 16 जनवरी को गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मैच देखने की अनुमति होगी.

BCCI की तरफ से आया बयान

आयोजक निकाय बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘यह फैसला 15 जनवरी, 2026 को नवी मुंबई में नगर निगम चुनावों के मद्देनजर लिया गया है. दर्शकों को 16 जनवरी, 2026 से स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, और इसके बाद के सभी मैच दर्शकों की मौजूदगी में खेले जाएंगे. TATA WPL 2026 से मान्यता प्राप्त मीडिया को दोनों दिन – 14 जनवरी, 2026 और 15 जनवरी, 2026 को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी.’

Add Zee News as a Preferred Source

सिक्योरिटी को लेकर किया गया फैसला

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने इससे पहले IANS को बताया था कि चल रहे महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के आगामी लीग चरण के दो मैच, राज्य में मुंबई के नागरिक निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) के चुनावों के कारण, बंद दरवाजों के पीछे आयोजित किए जाएंगे. अधिकांश सुरक्षा कर्मियों को चुनावों के लिए तैनात किए जाने के कारण, मतदान के दिन, 15 जनवरी, और उससे एक दिन पहले, 14 जनवरी को भीड़ को संभालना मुश्किल हो सकता है.

ये भी पढ़ें… कप्तान कौर की आतिशी फिफ्टी, थम गया गुजरात का ‘विजयरथ’, मुंबई की लगातार दूसरी जीत

किन टीमों के बीच होगा मुकाबला?

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार और गुरुवार को होने वाले दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्ज और मुंबई इंडियंस बनाम यूपी वॉरियर्ज मैच के लिए डीवाई पाटिल स्टेडियम में दर्शकों को अनुमति नहीं देने का फैसला किया. बीसीसीआई द्वारा औपचारिक घोषणा के बाद गुजरात जायंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैच के लिए टिकटों की बिक्री शुरू की गई. WPL फिक्स्चर लिस्ट पिछले साल 29 नवंबर को जारी की गई थी, जबकि चुनाव का शेड्यूल 15 दिसंबर को सार्वजनिक किया गया था. लेकिन चुनाव की तारीखें फाइनल होने के तुरंत बाद WPL आयोजकों को इसकी जानकारी दे दी गई थी.