Sarfaraz Khan 227 Run: टीम इंडिया से बाहर चल रहे सरफराज खान घरेलू क्रिकेट में गर्दा उड़ा रहे हैं. पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल किया, फिर विजय हजारे ट्रॉफी में रन बरसाए और अब रणजी ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे चरण के पहले ही मुकाबले में बल्ले से तबाही मचा दी. उन्होंने मुंबई के लिए 219 गेंदों पर 227 रन ठोके, जिसमें 19 चौके और 9 तूफानी छक्के शामिल हैं. मतलब टेस्ट फॉर्मेट में सरफराज ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर गेंदबाजों की हालत खराब कर दी. जिस टीम पर वह कहर बनकर टूटे, वो है हैदराबाद, जिसके खिलाफ मुंबई ने पहली पारी में 500 प्लस रन बना लिए हैं. दूसरे दिन 518 के स्कोर पर 8वां विकेट गिरा, अभी पारी जारी है.
मुश्किल हालत में आकर ठोका दोहरा शतक
सरफराज खान को लगातार टीम इंडिया से इग्नोर किया जा रहा है, लेकिन वो बार-बार बल्ले से धमाका कर सेलेक्टर्स को करारा जवाब दे रहे हैं. हैदराबाद के खिलाफ आई उनकी यह 227 रनों की पारी इसलिए खास है, क्योंकि वह उस वक्त क्रीज पर आए थे जब मुंबई 82 रनों पर 3 बड़े विकेट खो चुकी थी. नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए सरफराज खान ने सिद्धेश लाड के साथ मिलकर मुंबई की पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 328 गेंदों में 249 रन की विशाल साझेदारी की.
फर्स्ट क्लास करियर का 5वां दोहरा शतक ठोका
सिद्धेश लाड ने 179 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए, जबकि सरफराज ने शतक के बाद दोहरे शतक की ओर कदम बढ़ाया. लाड के आउट होने के बाद सरफराज ने और आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने 9 छक्के उड़ाए और 19 चौकों की मदद से 227 रन बनाकर आउट हुए. यह उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का पांचवां दोहरा शतक है.
कैसा है सरफराज का टेस्ट करियर?
ये वही सरफराज खान हैं, जो 2024 के बाद से भारतीय टेस्ट टीम में नहीं खेले हैं. एक साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है. अब घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के चलते उनकी टेस्ट टीम में वापसी की उम्मीद बढ़ गई है. वह 6 टेस्ट मैचों में 37.1 की औसत से 495 रन बना चुके हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 150 रन है.
आईपीएल 2026 में भी दिखेगा जलवा
सरफराज खान रणजी ट्रॉफी 2025-26 के बाद आईपीएल 2026 में भी नजर आएंगे. उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है. नीलामी के आखिरी राउंड में सीएसके ने उन पर बोली लगाई थी. आईपीएल 2025 में वह अनसोल्ड रहे थे.
ये भी पढ़ें: PAK U19 vs ZIM U19: क्या फिक्स था मैच? पाकिस्तान टीम की इस ‘शर्मनाक हरकत’ पर बवाल
