WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग अपने अंतिम चरण की तरफ बढ़ रहा है. मेगा ऑक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा यूपी वॉरियर्ज की थी जिसे एक मजबूत टीम बताया जा रहा था. लेकिन ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ वाली कहावत टीम पर फिट बैठ रही है. टीम ने जिस खिलाड़ी पर करोड़ों रुपये लुटा दिए वो प्लेयर लगातार फ्लॉप नजर आ रही है. टीम को सबसे मजबूत बताया जा रहा था क्योंकि उनके हाथ 3.2 करोड़ की दीप्ति शर्मा लग गईं थीं. लेकिन दीप्ति अभी तक 6 मुकाबलों में कुछ खास करने में कामयाब नहीं हुईं हैं. अब टीम के लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद नजर आ रहे हैं. मिताली राज ने इस टीम की कमियां उंगलियों पर गिना दीं.
क्या बोलीं पूर्व कप्तान?
यूपी की टीम ने मुश्किल से लगातार दो हार के बाद कमबैक किया था. दो मैच जीते लेकिन 22 जनवरी को गुजरात से करारी हार मिल गई. इस मैच में टीम की बैटिंग पूरी तरह से फुस्स दिखी. कप्तान मिताली राज ने टीम की हार पर कहा, ‘यह UP वॉरियर्ज की बैटिंग में पूरी तरह से गिरावट थी. शुरुआत में ही घबराहट शुरू हो गई और पूरी बैटिंग लाइनअप में जारी रही. एक बार जब ओपनर आउट हो गए, तो कोई पार्टनरशिप नहीं हुई.’
बल्लेबाज हार के गुनहगार
उन्होंने आगे कहा, ‘बल्लेबाजों ने क्रीज पर टिके रहने, स्ट्राइक रोटेट करने, या पारी बनाने का बहुत कम इरादा दिखाया, इसके बजाय खराब शॉट सिलेक्शन और बेवजह बड़े शॉट खेलने का विकल्प चुना. यह एक ऐसा मिडिल ऑर्डर है जिसने 20, 30 और यहां तक कि 50 रन बनाने की क्षमता दिखाई है, लेकिन इस मैच में शॉट सिलेक्शन बहुत निराशाजनक था.’ सबसे महंगी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी मुद्दा बनी हुई हैं जो लगातार फ्लॉप नजर आ रही हैं.
ये भी पढ़ें.. 500 विकेट 7000 रन… इस ऑलराउंडर ने मचाया है रणजी क्रिकेट में आतंक, रच दिया इतिहास
कैसा रहा दीप्ति का प्रदर्शन?
दीप्ति शर्मा के अभी तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने बल्ले से महज एक 45 रन की नाबाद पारी खेली थी. लेकिन बाकी 4 मुकाबलों में दहाई का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हुईं. वहीं, गेंदबाजी से भी दीप्ति के आंकड़े कुछ खास नहीं दिखे. उन्होंने 6 पारियों में 5 विकेट ही झटके हैं. यूपी की टीम के पास महज दो मुकाबले बचे हैं और पाइंट्स टेबल में ये टीम सबसे नीचे है.
