British Man Rape Charges: ब्रिटेन के लंदन से सामने आए एक गंभीर मामले ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. 49 साल के फिलिप यंग पर आरोप है कि उसने अपनी पूर्व पत्नी जोआन यंग के साथ 13 साल तक बार-बार गलत काम किया. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला को नशीला पदार्थ देता था. फिर उसके साथ जबरन संबंध बनाता था. इस पूरे मामले में फिलिप यंग पर कुल 56 यौन अपराधों के आरोप लगाए गए हैं. 

पुलिस का कहना है कि ये घटनाएं साल 2010 से 2023 के बीच हुईं. आरोपों में कई बार रेप, नशीला पदार्थ देकर बेहोश करना, चोरी-छिपे वीडियो देखना, बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक तस्वीरें रखना और बेहद हिंसक तस्वीरें रखने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. फिलिप यंग को कोर्ट के आदेश पर हिरासत में भेज दिया गया है. यह जानकारी विल्टशायर पुलिस ने दी है.

अन्य आरोपी भी शामिल
इस मामले में फिलिप यंग के अलावा पांच और लोगों पर भी आरोप लगे हैं. इन सभी पर भी पीड़िता के साथ अलग-अलग तरह के यौन अपराध करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अलग-अलग उम्र के हैं. उनके खिलाफ रेप, जबरन यौन संबंध और गलत तरीके से छूने जैसे केस दर्ज किए गए हैं. फिलहाल ये पांचों आरोपी जमानत पर बाहर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

पीड़िता खुद आई सामने 
पीड़िता जोआन यंग की उम्र 48 साल है. उन्होंने अपनी पहचान छुपाने का कानूनी हक खुद छोड़ दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला उन्होंने पुलिस और मदद करने वाली टीम से कई बार बातचीत के बाद लिया. मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को खास ट्रेनिंग दिए गए अधिकारी लगातार मदद और सहयोग दे रहे हैं.

जांच और चार्जशीट
इस पूरे मामले की जांच काफी लंबी है. जांच अधिकारी ने इसे एक बड़ी और मुश्किल जांच बताया. पुलिस की जांच के बाद अभियोजन एजेंसी Crown Prosecution Service ने सबूतों की समीक्षा की और सभी आरोपियों पर केस चलाने की मंजूरी दी है. सबूत मजबूत हैं और मामला जनहित से जुड़ा है इसलिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है.

पुलिस के मुताबिक सभी छह आरोपी मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड की Swindon Magistrates Court में पेश होंगे. इस केस पर पूरे ब्रिटेन में नजर रखी जा रही है. यह मामला एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू रिश्तों में होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में फिर दहशत! NCP के बड़े नेता को मारी गोली, महिला की गिरफ्तारी से हड़कंप