
WPL 2026 में यूपी वॉरियर्ज की जीत का खाता खुलने का नाम नहीं ले रहा है. टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में 7 विकेट की हार झेलनी पड़ी. टीम की यह लगातार तीसरी हार है. हालांकि, टीम की कप्तान मेग लैनिंग ने मैच में शानदार पारी खेली और 24 घंटे में ही हरमनप्रीत कौर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. उन्होंने बुधवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के सातवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 54 रन की पारी खेली. इसी के साथ लैनिंग इस लीग में 1,000 रन का आंकड़ा छूने वाली तीसरी क्रिकेटर बन गई हैं.
मेग लैनिंग ने बचाई टीम की लाज
डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में लैनिंग ने कैपिटल्स के विरुद्ध 38 गेंदों का सामना किया, जिसमें 1 छक्का और 9 चौके लगाए. इस दौरान उन्होंने फोएबे लिचफील्ड के साथ 47 रन, जबकि हरलीन देओल के साथ 85 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 154/8 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इस उपलब्धि के साथ ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर लैनिंग, इंग्लैंड की नेट साइवर-ब्रंट और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ एक एलीट ग्रुप का हिस्सा बन गई हैं.
नंबर-2 पर लैनिंग
डब्ल्यूपीएल में 1,050 रन के साथ मेग लैनिंग लीग की टॉप स्कोरर की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं. उनसे ऊपर सिर्फ साइवर-ब्रंट (1,101) हैं. वहीं, तीसरे पायदान पर मौजूद हरमनप्रीत कौर ने अब तक 1,016 रन बनाए हैं. ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (972) और भारत की शेफाली वर्मा (887) टॉप 5 में शामिल हैं. मेग लैनिंग ने डब्ल्यूपीएल के 2022/23 सीजन में 345 रन बनाए थे. इसके बाद उन्होंने अगले दो सीजन में 331 रन और 276 रन बनाए. इसके बाद उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज कर दिया. अब वह यूपी की कप्तानी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें.. पाकिस्तानी नस्ल के क्रिकेटर्स का सामने आया सच.. वीजा विवाद पर किए झूठे दावे
यूपी को मिली हार
155 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की. टीम की ओपनर शेफाली वर्मा ने 36 जबकि लिजेल ली ने 67 रन की आतिशी पारी खेलकर मैच को दिल्ली की तरफ झुका दिया. दिल्ली ने टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की इससे पहले दो मुकाबलों में दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा था. यूपी की टीम पाइंट्स टेबल में सबसे नीचे पायदान पर है.
