
Devdutt Padikkal smashed 232 runs: क्रिकेट फैंस इन दिनों टी20 विश्व कप 2026 के रोमांच में डूबे हुए हैं. 20 टीमों के बीच श्रीलंका और भारत की सरजमीं पर चल रहे टी20 विश्व कप के बीच भारत के घरेलू क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2025-26 में एक बल्लेबाज ने दोहरा शतक ठोक तबाही मचा दी है. ये दोहरा शतक कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में आया है और जिस बल्लेबाज ने इसे अपने नाम किया वो कोई और नहीं बल्कि भारतीय टीम से बाहर चल रहे बाएं हाथ के देवदत्त पडिक्कल हैं, जिन्होंने कर्नाटक के लिए पहली पारी में बेहतरीन बैटिंग की है.
जब 15 तारीख को भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 में मुकाबला हुआ, तब पडिक्कल शतक बना चुके थे. 16 तारीख को टीम इंडिया की जीत के जश्न के बीच इस बैटर ने दूसरे दिन क्रीज पर आकर अपना दोहरा शतक पूरा किया. उनके सामने गेंदबाज पूरी तरह बेबस दिखे. पडिक्कल ने जहां चाहा, वहां से रन बटोरे. उन्होंने 330 गेंदों पर 29 चौके और 3 छक्के लगाए. पडिक्कल टीम के कप्तान हैं और नंबर 3 पर आकर उन्होंने यह उम्दा पारी खेली.
कहां चल रहा पहला सेमीफाइनल?
दरअसल, लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 15 फरवरी से रणजी ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच शुरू हुआ है. इस मैच का आज दूसरा दिन है. देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे दिन डबल सेंचुरी पूरी करके कर्नाटक को 500 रनों के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जब वह आउट हुए तो टीम का स्कोर 484 रन पर 4 विकेट था. दूसरे दिन लंच तक टीम ने 5 विकेट खोकर 502 रन बना लिए हैं.
टीम इंडिया में होगी वापसी?
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में रनों की बारिश करने वाले पडिक्कल टीम इंडिया से बाहर हैं. इस सीजन के 5 मैचों में उन्होंने 66.50 की औसत से 532 रन बनाए हैं, जिनमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल है. पडिक्कल ने साल 2024 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. अब तक 2 टेस्ट खेलकर 90 रन बनाए हैं. आखिरी बार वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के लिए 2024 में खेले थे, फिर ड्रॉप कर दिए गए. अब घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगा रहे हैं और जल्द ही उनकी टीम में वापसी हो सकती है. पडिक्कल भारत के लिए टी20 में भी 2021 में डेब्यू कर चुके हैं. 2 मैचों में उनके नाम 29 रन दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें: गंभीर का 19 साल पुराना प्रचंड रिकॉर्ड टूटा… ईशान किशन ने 27 गेंदों में पलट दी रिकॉर्डबुक… PAK के खिलाफ फोड़े ये 5 रिकॉर्ड

