BBL 2025-26 Final: बिग बैश लीग 2025-26 के फाइनल में पर्थ स्कोर्चर्स ने सिडनी सिक्सर्स को 6 विकेट से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब पर कब्जा किया. BBL के 15वीं सीजन में पर्थ स्कोर्चर्स को चैंपियन बनाने में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज फिन एलन का महत्वपूर्ण योगदान रहा. सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए फाइनल में एलन ने 22 गेंदों पर 36 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. 163.64 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए उन्होंने शुरुआत से ही अटैकिंग मोड अपनाया और सिक्सर्स को मैच से बाहर कर दिया.
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज फिन एलन BBL 2025-26 में पूरे सीजन शानदार फॉर्म में रहे हैं. क्रिकेट की दुनिया में इस समय भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के नाम का डंका है, लेकिन फिन एलन भी अभिषेक की तरह ही विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और जब तक वो क्रीज पर रहते हैं, विरोधी टीम के गेंदबाज रहम की भीख मांगते हैं.
फिन एलन ने BBL में मचाया आंतक
BBL के 15वें सीजन में फिन एलन ने बल्ले से आतंक मचाया. वो कितने खतरनाक रहे, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने 11 पारियों में 184.18 की स्ट्राइक रेट और 42.36 की औसत से खेलते हुए 466 रन बनाए. इस दौरान न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर ने 27 चौके और 38 छक्के लगाए. पर्थ स्कोर्चर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीजन में दो फिफ्टी और एक शतक भी जड़ा. फिन एलन BBL 2025-26 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं.
भारत के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे?
बड़ा सवाल ये है कि इतने खतरनाक बल्लेबाज भारत के खिलाफ चल रही T20I सीरीज से क्यों गायब हैं? दरअसल, फिन एलन ने पर्थ स्कोर्चर्स से सीजन के अंत तक टीम के साथ रहने का करार किया था. यही वजह है कि वो भारत के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल रहे हैं. उम्मीद है कि वो जल्द भारत पहुंचेंगे और दो मैचों में हिस्सा लेंगे. फिन एलन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम में चुना गया है. अगर ब्लैक कैप्स को आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा करना है तो एलन का अहम रोल रहेगा.
ये भी पढ़ें: ईशान किशन के कारण खतरे में इस खिलाड़ी की जगह, तीसरे T20I में नहीं चला बल्ला तो वर्ल्ड कप में नहीं मिलेगा मौका?
