News in Brief

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जीत के साथ किया है. शनिवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के मैच में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की टीम को 29 रन से हरा दिया. ग्रुप ए के अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के विस्फोटक अर्धशतक के दम पर संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को चित कर दिया. टीम इंडिया ने भले ही USA के खिलाफ जीत के साथ T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत की हो, लेकिन यह जीत आसान नहीं थी.

उलटफेर से बाल-बाल बच गया भारत

मैच से पहले, भारत के USA के खिलाफ 300 रन बनाने की बात हो रही थी. लेकिन हुआ यह कि पावरप्ले खत्म होने पर भारत का स्कोर 45 रन पर 4 विकेट था. भारत 14.1 ओवर में 86/6 रन बनाकर मुश्किल में था. सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया को बचा लिया और उसे एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया. सूर्यकुमार यादव ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ इस मैच में महज 49 गेंद पर 84 रनों की पारी खेली. सूर्यकुमार यादव ने 171.43 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 10 चौके और 4 छक्के लगाए. सूर्यकुमार यादव की इस पारी ने मैच पलट दिया और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source

वानखेड़े में बनाया ‘शर्मनाक’ रिकॉर्ड

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत का प्रदर्शन बहुत खराब रहा. पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने X पर कुछ रिकॉर्ड्स शेयर किए. 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 77/6 था, जो अब इस स्टेज पर उनका चौथा सबसे कम टोटल था. यह आइकॉनिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत के लिए अब तक की सबसे खराब शुरुआत भी थी, जहां 5वें ओवर से 10वें ओवर तक 27 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं लगी. रविचंद्रन अश्विन ने इस रिकॉर्ड को दिखाते हुए लिखा, ‘हम अभी कितनी बड़ी मुश्किल में हैं, यह इससे पता चलता है.’

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पलट दिया मैच

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘टीम जब 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, तो मुझे लगता था कि एक बल्लेबाज को अंत तक खेलने की जरूरत है. मुझे कभी नहीं लगा कि यह 180-190 विकेट है. मुझे लगा कि यह 140 विकेट है. गौती भाई ने 14 ओवर के बाद ब्रेक के दौरान मुझसे यही बात कही. उन्होंने कहा कि आखिर तक बल्लेबाजी की कोशिश करो, तुम इसे कभी भी कवर कर सकते हो. मैंने अपना बहुत सारा क्रिकेट मुंबई में, इस विकेट पर और मुंबई क्रिकेट के मैदानों पर खेला है. इसलिए मुझे पता है कि इस तरह के विकेटों पर कैसे बल्लेबाजी करनी है.’