
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खुमार छाया हुआ है. सभी टीमें जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई हैं. उसमें से एक टीम ऑस्ट्रेलिया भी है जो पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है. स्क्वॉड का ऐलान पहले ही हो चुका है, जिसमें एक बड़ा नाम गायब नजर आया. वो खिलाड़ी जिसने ड्रॉप होने के बाद बिग बैश में तबाही मचाकर सेलेक्टर्स का ध्यान खींच लिया है. लीग में इस खिलाड़ी के बल्ले से एक के बाद एक तूफानी पारी देखने को मिलीं. अब दिग्गज रिकी पोंटिंग ने प्रदर्शन को देखते हुए इस प्लेयर का सपोर्ट में बात की और कहा कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मौका मिल सकता है.
बिग बैश लीग में मचाई तबाही
बिग बैश लीग (बीबीएल) के छह मैचों में स्मिथ ने 167 के जबरदस्त स्ट्राइक-रेट से 299 रन बनाए. इसमें 41 गेंद पर लगाया गया शतक भी शामिल है. टूर्नामेंट में कम से कम 250 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से, सिर्फ फिन एलन ने उनसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और सिर्फ डेविड वार्नर का औसत उनसे ज्यादा था. स्मिथ की वजह से ही सिडनी सिक्सर्स फाइनल तक पहुंच सकी. हालांकि फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को पर्थ स्कॉर्चर्स से हार का सामना करना पड़ा.
क्या बोले रिकी पोंटिंग?
इसी फॉर्म की वजह से स्मिथ अचानक विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया में किसी खिलाड़ी के चोट लगने पर संभावित कॉल-अप के लिए सबसे आगे हैं. उन्हें सबकॉन्टिनेंट में खेलने का बहुत अनुभव है. रिकी पोंटिंग ने मार्श की टीम को उनकी जरूरत पड़ने पर टॉप ऑर्डर में उन्हें शामिल करने का सपोर्ट किया. पोंटिंग ने द वेस्टर्न ऑस्ट्रेलियन से कहा, ‘स्मिथ का नंबर किसी भी दूसरे खिलाड़ी से बेहतर है, लेकिन ट्रेविस हेड और मिशेल मार्श में से किसी एक को ओपनिंग स्लॉट से बाहर करना मुश्किल है.’
ये भी पढे़ं.. इन 4 मैदानों पर खेलने को तैयार नहीं था BAN, इसलिए कटा पत्ता, अब नई टीम दिखाएगी जलवा
सलामी बल्लेबाज के तौर पर हुए खूंखार
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, ‘स्टीव को टी20 में सलामी बल्लेबाज के तौर पर ही रखा गया है, जिसने शायद पिछले कुछ वर्षों में चयन के मामले में थोड़ा पीछे रखा है। किसी एक खिलाड़ी की इंजरी उनके लिए टीम में जगह बना सकती है.’ स्मिथ ने फरवरी 2024 के बाद से ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेला है. स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टी20 मैचों की 55 पारियों में 1,094 रन बनाए हैं। इस दौरान 5 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले हैं.
