
MI Cape Town vs Pretoria Capitals SA20: साउथ अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 (SA20) में न्यू ईयर की पूर्व संध्या पर जोरदार बल्लेबाजी देखने को मिली. बुधवार (31 दिसंबर) की रात वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड और डेवाल्ड ब्रेविस ने तबाही मचा दी. दोनों ने मिलकर दो ओवरों के बीच लगातार 6 गेंद पर 6 छक्के लगाकर फैंस का दिल जीत लिया. आईपीएल में रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस (MI) और ब्रेविस चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का हिस्सा हैं. दोनों की तूफानी पारियों ने सौरव गांगुली की कोचिंग वाली प्रिटोरिया कैपिटल्स को सीजन की पहली जीत दिलाई. प्रिटोरिया ने एमआई केपटाउन को 85 रनों के बड़े अंतर से हराया.
होप और लूबे ने प्रिटोरिया को संभाला
टॉस जीतकर प्रिटोरिया के कप्तान केशव महाराज ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. एक समय 5.3 ओवरों में 38 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद उनकी टीम संघर्ष कर रही थी. यहां से शाई होप और विहान लूबे ने पारी को संभाला और टीम को 14.4 ओवरों में 126 रनों तक पहुंचा दिया. शाई होप के रूप में टीम को चौथा झटका लगा. वह 30 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हुए. लूबे ने 36 गेंद पर 60 रन बनाकर टीम को नैया को संभाला. लूबे 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए. प्रिटोरिया का स्कोर 15.3 ओवरों में 5 विकेट पर 134 रन हो गया. ऐसा लग रहा था कि टीम ज्यादा से ज्यादा 180 तक पहुंच पाएगी, लेकिन इसके बाद जो हुआ उस पर किसी को भरोसा नहीं हुआ.
रदरफोर्ड और ब्रेविस का तूफान
यहां से रदरफोर्ड और ब्रेविस ने मोर्चा संभाला. दोनों ने लूबे और होप के बनाए प्लेटफॉर्म का फायदा उठाया. रदरफोर्ड ने 15 गेंदों में 47 रन (6 छक्के) की नाबाद पारी खेली. उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ मिलकर 30 गेंदों में 86 रन जोड़े. ब्रेविस ने 13 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए. दोनों ने मिलकर छह गेंदों पर छह छक्के भी लगाए. ये काम 18 और 19वें ओवर में हुआ. ब्रेविस ने 18वें ओवर की पांचवीं और छठी बॉल पर कार्बिन बॉश को लगातार दो छक्के मारे. इसके बाद रदरफोर्ड 19वें ओवर में स्ट्राइक पर आए और उन्होंने ड्वेन प्रिटोरियस की शुरुआती चार गेंदों पर लगातार चार छक्के मार दिए. इस तरह 6 बॉल पर 6 छक्के लग गए.
Rutherford and Brevis – a six-hitting exhibition #BetwaySA20 #MICTvPC #WelcomeToIncredible pic.twitter.com/BAsLwJ91jv
— Betway SA20 (@SA20_League) December 31, 2025
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के लिए अफगानिस्तान की टीम लौटा कातिलाना बॉलर, विराट कोहली से हुई थी लड़ाई, देखें स्क्वॉड
गेंदबाजी में भी छाए रदरफोर्ड
हालांकि, रदरफोर्ड अभी रुके नहीं थे. इस गुयाना के ऑलराउंडर ने तीन ओवर में 24 रन देकर चार विकेट लिए. यह उनके करियर का बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन है. उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. रदरफोर्ड को केशव महाराज का साथ मिला, जिन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लेकर मैच खत्म किया. एमआई केप टाउन की टीम 14.2 ओवरों में 135 रनों पर सिमट गई. उसके लिए रयान रिकेल्टन ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए. टूर्नामेंट में एमआई केपटाउन की तीन मैचों में ये दूसर हार है. एक मुकाबले में नतीजा नहीं निकला है. वह अंक तालिका में सबसे नीचे छठे स्थान पर है.
