What is AI Smart bat: दुनिया AI के दौर में है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बहुत तेजी से दुनिया को कैप्चर कर रहा है. अधिकतर काम अब AI की मदद से सेकेंडों में हो रहे हैं. क्रिकेट की दुनिया के एक दिग्गज इंजीनियर क्रिकेटर की सोच ने एक ऐसे बल्ले को जन्म दिया है, जिसकी खासियत हर किसी के होश उड़ा सकती है. पहले तो उसने स्मार्ट बल्ला बनाया, अब उसे AI में तब्दील करके कुछ ऐसा करने की कोशिश है, जिसकी शायद किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी. जी हां, ये सबकुछ उस दिग्गज के दिमाग की उपज से ही संभव होता दिख रहा है, जिसने क्रिकेट के साथ-साथ इंजीनियरिंग की डिग्री ली. क्रिकेट मैदान पर कई दिग्गजों का शिकार किया और संन्यास के बाद एक नए मिशन में जुट गया. ये कोई और नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने आज से 8 साल पहले जिस सपने को देखा था, वो सच होने की तरफ तेजी से बढ़ रहा है.
दरअसल, क्रिकेट की दुनिया में अधिकतर खिलाड़ी संन्यास के बाद नई जिंदगी को संभालने की चुनौती फेस करते हैं, क्योंकि उन्होंने सिर्फ क्रिकेट ही खेला होता है. कई क्रिकेटर्स को पढ़ाई, बिजनेस या टेक्नोलॉजी की समझ ना के बराबर होती है, लेकिन भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले इस मामले में बिल्कुल अलग हैं. इस दिग्गज ने क्रिकेट के साथ-साथ पढ़ाई को कभी नजरअंदाज नहीं किया.
इंजीनियर अनिल कुंबले का कमाल
अनिल कुंबले एक तरफ टीम इंडिया के लिए क्रिकेट के मैदान पर विकेट चटका रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी पूरी कर रहे थे. क्रिकेट से संन्यास के बाद भी उन्होंने खुद को सीमित नहीं रखा और टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा कदम रख दिया. टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेने वाले इस दिग्गज ने साल 2017 में गौरव मनचंदा के साथ मिलकर Spektacom (स्पेक्टेकॉम) नाम की एक कंपनी शुरू की. इस स्टार्टअप का मकसद क्रिकेट और टेक्नोलॉजी को जोड़ना था. इसी सोच ने एक स्मार्ट बैट को जन्म दिया, जिसे पावर बैट भी कहा गया. Spektacom ने AI की मदद से पावर बैट लॉन्च किया, जिसे और खास बनाने की तैयारी है.
आखिर क्या है पावर बैट?
अब सवाल ये है कि अनिल कुंबले की सोच से जन्मा पावर बैट है क्या? तो जान लीजिए कि यह कोई अलग बल्ला नहीं है. इसमें एक बेहद हल्का सेंसर स्टिकर लगाया जाता है, जो बैट के पीछे कंधे के पास फिट होता है. यह देखने में एक क्रेडिट कार्ड जैसा होता है. इसका वजन इतना कम होता है कि पता ही नहीं चलता कि बल्ले पर कोई चिप लगी भी है. इस बल्ले में AI टेक्नोलॉजी भी शामिल है. बल्ले पर लगा सेंसर स्टिकर ये बताता है कि जब बल्ले से शॉट खेला गया तो उसकी स्पीड कितनी थी, शॉट में कितनी ताकत थी, गेंद किस हिस्से पर लगी, वो स्वीट स्पॉट से कितनी दूरी पर थी और शॉट के वक्त बैट में कितना ट्विस्ट आया. ये पूरा डेटा यही सेंसर स्टिकर रिकॉर्ड करता है.
2018 में पहली बार इस्तेमाल हुई थी ये तकनीक
स्मार्ट बल्ले पर लगे सेंसर स्टिकर में स्टोर होने वाला डेटा माइक्रोसॉफ्ट Azure Cloud पर भेजा जाता है, जहां AI और मशीन लर्निंग की मदद से इसका विश्लेषण किया जाता है. इसके बाद ‘Power Spek Score’ तैयार होता है, जो रीयल-टाइम में ब्रॉडकास्टर्स और फैंस तक पहुंचता है. खास बात ये है कि स्टार स्पोर्ट्स जैसे बड़े ब्रॉडकास्टर्स को यह डेटा लाइव मिलता है. इस तकनीक का इस्तेमाल पहली दफा 2018 के TNPL (तमिलनाडु प्रीमियर लीग) में किया गया था.
खासियत आपका भी दिमाग घुमा देगी
अनिल कुंबले कहते हैं कि इस तकनीक का असली मकसद फैंस को खेल के और करीब लाना है. वो चाहते हैं कि दर्शक मैच देखते वक्त ये जान पाएं कि शॉट कितना पावरफुल था या बल्ला कितनी तेजी से चला. इससे क्रिकेट का मजा डबल हो जाता है. कुंबले ये भी मानते हैं कि क्रिकेट में AI अभी शुरुआती दौर में है. भविष्य में यह तकनीक ये भी बता सकती है कि ओवर की अगली गेंद कैसी हो सकती है या बल्लेबाज अगली गेंद पर कौन सा शॉट खेलेगा. उनका मानना है कि मशीन की मदद से खेल को और रोमांचक बनाया जा सकता है. AI बैट की यही खासियतें फैंस के होश उड़ा रही हैं.
ये भी पढ़ें: शतक से चूकने का दुख है? Virat Kohli ने मैच के बाद बताई दिल की बात, बोले- ‘मैं जिस तरह खेल रहा हूं’
