News in Brief

श्रम और रोजगार मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

ब्रिक्स के रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक 6 मई 2026 को तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी


सदस्य देश सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों में सुधार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, कौशल के बारे में जानकारी एकत्र करने और डिजिटल समाधानों का लाभ उठाने पर विचार-विमर्श करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 05 MAY 2026 4:40PM by PIB Delhi

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक 6-7 मई 2026 को केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में ब्रिक्स के सदस्य देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण से संबंधित प्रतिनिधि एक साथ भाग लेंगे।

रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक इस समूह की पहली बैठक के दौरान हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाने और सदस्य देशों के बीच भारत की अध्यक्षता में प्रस्तावित प्राथमिकताओं और लक्ष्यों पर अधिक केंद्रित समझ विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगी। आशा व्यक्त की जा रही है कि इस बैठक में ब्रिक्स रोजगार कार्य समूह के लिए चिन्हित चार प्राथमिकता वाले विषयों पर व्यावहारिक नीतिगत दृष्टिकोण, विभिन्न देशों के अनुभवों और सहयोग के क्षेत्रों पर विस्तार से विचार-विमर्श हो सकेगा।

रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक के दौरान होने वाली चर्चाएं मुख्यतः सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों में सुधार और श्रम बाजारों को औपचारिक रूप देने में तेजी लाने पर केंद्रित होंगी। इस दौरान सदस्य देश विभिन्न प्रकार के रोजगारों में लगे कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी लाभों तक उनकी पहुंच में सुधार लाने में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, आवश्यकतानुसार बदले जा सकने वाले सामाजिक सुरक्षा तंत्र और अंतरसंचालनीय डिजिटल समाधानों की भूमिका पर विचार-विमर्श करेंगे।

कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी और समावेश को बढ़ाना इस बैठक में चर्चा का एक प्रमुख विषय होगा। यह बैठक सदस्य देशों को उन नीतिगत उपायों पर अपने अनुभव का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी जिनसे महिलाओं के लिए रोजगार को समर्थन मिलता है, कार्यस्थल में उनकी भागीदारी बढ़ती है, उनके समावेश में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और सभी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए कार्य के सम्मानजनक अवसरों को बढ़ावा मिलता है।

रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक में रोजगार प्रदान करने की क्षमता, कर्मियों के कौशल के बारे में जानकारी एकत्र करने और कौशल विकास में सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कामकाज की बदलती प्रकृति को देखते हुए डिजिटल कौशल को मजबूत करना, कौशल संबंधी उभरती आवश्यकताओं की पहचान करना और ब्रिक्स देशों में श्रम बाजार की आवश्यकताओं और कार्यबल की क्षमताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने से जुड़े विषय मुख्य रूप से इस चर्चा के केंद्र में होंगे।

इस बैठक में यह भी विचार किया जाएगा कि किस प्रकार डिजिटल प्रौद्योगिकियों का उपयोग करके सभी श्रमिकों और कर्मियों जिनमें गिग वर्कर और प्लेटफॉर्म वर्कर भी शामिल हैं, उनको सेवाएं, सुरक्षा और अवसर प्रदान किए जा सकते हैं। इसमें श्रमिक पंजीकरण, लाभ वितरण, कौशल विकास, रोजगार सुविधा और श्रम बाजार संबंधी बेहतर जानकारी के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित प्रणालियों का उपयोग शामिल है।

इस बैठक में अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन, अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ और संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर कार्यालय सहित प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों की भागीदारी होगी जो संबंधित विषयों पर विशेषज्ञतापूर्ण जानकारी और दृष्टिकोण प्रदान करेंगे। इन संगठनों से तकनीकी जानकारी प्रदान करने, वैश्विक दृष्टिकोण साझा करने और रोजगार, श्रम कल्याण, सामाजिक सुरक्षा तथा भविष्य के कार्यों से संबंधित विषयों पर अपने अनुभव के माध्यम से विचार-विमर्श को समृद्ध करने की अपेक्षा की जाती है।

रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक 16-17 मार्च 2026 को वर्चुअल माध्यम से आयोजित इसकी पहली सफल बैठक के बाद हो रही है। पहली बैठक में चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर रचनात्मक चर्चा शुरू की गई थी जिनमें शामिल हैं- सामाजिक सुरक्षा में सुधार और श्रम बाजारों को औपचारिक रूप देना, कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी और उनके समावेश को बढ़ाना, रोजगार प्रदान करने, कौशल के बारे में जानकारी एकत्र करने और विकास के संबंध में सहयोग तथा गिग और प्लेटफॉर्म कर्मियों सहित सभी श्रमिकों के कल्याण के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाना।

पहली बैठक के परिणामों के आधार पर आगे बढ़ते हुए रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को परिष्कृत करने, प्रस्तावित लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा करने और ब्रिक्स की ईडब्ल्यूजी की प्रक्रिया के अंतर्गत आगे बढ़ाए जाने वाले परिणामों की व्यापक रूपरेखा तैयार करने का सुव्यवस्थित अवसर प्रदान करेगी। प्रस्तावित लक्ष्यों को तीसरी ईडब्ल्यूजी बैठक के दौरान अंतिम रूप दिए जाने और उसके बाद इस वर्ष जुलाई में होने वाली ब्रिक्स के श्रम और रोजगार मंत्रियों की बैठक में स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

दूसरी ईडब्ल्यूजी बैठक में ब्रिक्स के सदस्य देशों और ज्ञान साझेदारों की सक्रिय भागीदारी से श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में सुसंगत, दूरदर्शी और पारस्परिक रूप से लाभकारी परिणामों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

***

पीके/केसी/केके/एमयू

(रिलीज़ आईडी: 2258092) आगंतुक पटल : 27