
आयुष

जनजातीय क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य सेवाएं
प्रविष्टि तिथि: 07 AUG 2026 5:58PM by PIB Delhi
सार्वजनिक राज्य का विषय होने के कारण, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों सहित देश में आयुर्वेदिक, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी सेवाओं सहित आयुष स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और पहुंच के संबंध में आकलन करने की प्राथमिक जिम्मेदारी संबंधित राज्य सरकार की है। हालांकि, आयुष मंत्रालय निम्नलिखित विभिन्न माध्यमों से राष्ट्रीय आयुष मिशन (एनएएम) योजना के तहत विभिन्न गतिविधियों के कार्यान्वयन की प्रगति की नियमित और सख्ती से निगरानी कर रहा है:
- राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों से नियमित अंतराल पर गतिविधि-वार कार्यगत और वित्तीय प्रगति का ब्योरा एकत्र करना।
- उन विभिन्न गतिविधियों के कार्यान्वयन की वास्तविक प्रगति का विश्लेषण करने के लिए आयुष मंत्रालय की केंद्रीय टीम द्वारा समय-समय पर फील्ड विजिट करना, जिनके लिए राज्य सरकार ने खर्च की रिपोर्ट दी है और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए हैं।
- कार्यान्वयन की स्थिति का आकलन करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए माननीय मंत्री/सचिव की अध्यक्षता में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ क्षेत्रीय समीक्षा बैठकें आयोजित करना।
- कार्यगत और वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा के लिए राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ वन-टू-वन बैठकें आयोजित करना।
- नीति आयोग द्वारा थर्ड पार्टी के माध्यम से एनएएम योजना के कार्यान्वयन/प्रगति का मध्य-अवधि मूल्यांकन कराना, जो राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में जाकर फील्ड विजिट करती है।
सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्य का विषय होने के कारण, कम सुविधा वाले जिलों सहित देश में नए आयुष अस्पतालों, औषधालयों और वेलनेस सेंटरों की स्थापना करने की प्राथमिक जिम्मेदारी संबंधित राज्य सरकार की है। हालांकि, एनएएम की केंद्र प्रायोजित योजना के तहत 50/30/10 बिस्तरों वाले एकीकृत आयुष अस्पतालों की स्थापना और ऐसे क्षेत्रों में, जहाँ कोई आयुष सुविधा उपलब्ध नहीं है, नया आयुष औषधालय स्थापित करने के लिए भवन निर्माण का प्रावधान है। वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए एनएएम दिशानिर्देशों के अनुसार राज्य वार्षिक कार्य योजना (एसएएपी) के माध्यम से उपयुक्त प्रस्ताव प्रस्तुत करना आवश्यक है।
पिछले तीन वर्षों के दौरान आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार और सुदृढ़ीकरण के लिए आयुष मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के तहत आवंटित और उपयोग किए गए फंड का विवरण अनुलग्नक के रूप में संलग्न है।
अनुलग्नक देखने के लिए क्लिक करें।
यह जानकारी आज लोकसभा में केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव द्वारा एक लिखित उत्तर में दी गई।
**************
पीके/केसी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2296333) आगंतुक पटल : 19

