News in Brief

वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद मोरक्को की आधिकारिक यात्रा पर


श्री जितिन प्रसाद की 24-25 अगस्त, 2026 की यात्रा के दौरान भारत-मोरक्को व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग पर विशेष ध्यान

प्रविष्टि तिथि: 24 AUG 2026 12:37PM by PIB Delhi

वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद 24 से 25 अगस्त, 2026 तक मोरक्को साम्राज्य की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान, दोनों पक्षों द्वारा व्यापार को और अधिक विविधतापूर्ण बनाने तथा बाजार पहुंच के अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।

श्री जितिन प्रसाद, भारत-मोरक्को संयुक्त आयोग के 7वें सत्र की सह-अध्यक्षता अपने समकक्ष, श्री उमर हेजिरा, जो मोरक्को साम्राज्य के विदेश व्यापार प्रभारी उद्योग और व्यापार राज्य मंत्री हैं, के साथ करेंगे।

संयुक्त आयोग की बैठक द्विपक्षीय आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग के वर्तमान क्षेत्रों की समीक्षा करने और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक बनाने की दिशा में कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी। चर्चाओं में व्यापार और बाजार पहुंच, उर्वरक उत्पादन और आपूर्ति में सहयोग, निवेश, औद्योगिक सहयोग, सीमा शुल्क, कृषि और खाद्य सुरक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा और खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल परिवर्तन, परिवहन और लॉजिस्टिक, आयुष, पर्यटन, शिक्षा और कौशल सहित कई क्षेत्रों को शामिल किए जाने की उम्मीद है।

मोरक्को के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यालय (ओएनएसएसए) और भारत के खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के बीच खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है। यह समझौता आयातित खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाएगा, खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं और विश्लेषणात्मक विधियों से संबंधित सूचनाओं को साझा करने में सहयोग को बढ़ावा देगा और पारस्परिक हित के क्षेत्रों में विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाएगा। इसके अतिरिक्त, यह आयात प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण कार्यों, नमूनाकरण, परीक्षण, पैकेजिंग और लेबलिंग से संबंधित तकनीकी आदान-प्रदान को भी सक्षम बनाएगा।

संयुक्त आयोग की बैठक के दौरान भारत और मोरक्को के बीच 2026-2030 के लिए एक सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है। यह कार्यक्रम कलाकारों और पेशेवरों के आदान-प्रदान, त्योहारों और प्रदर्शनियों में भागीदारी, विरासत संरक्षण में सहयोग और संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखीय संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करके सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देगा।

भारत और मोरक्को के बीच दीर्घकालिक और घनिष्ठ संबंध हैं, जिनमें द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को और अधिक बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। 2025 में द्विपक्षीय व्यापार लगभग 4 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। भारत से मोरक्को को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में परिष्कृत पेट्रोलियम, फार्मास्यूटिकल्स, वाहन, सिंथेटिक वस्त्र, खाद्य उत्पाद और मसाले शामिल हैं, जबकि मोरक्को से भारत को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में फॉस्फेट और उर्वरक शामिल हैं।

इस यात्रा के दौरान श्री जितिन प्रसाद मोरक्को के वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय और उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। वे भारत-मोरक्को संयुक्त व्यापार मंच में भी भाग लेंगे और व्यापार, निवेश, साझेदारी और संयुक्त उद्यम के नए अवसरों की पहचान करने के लिए व्यापार समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। श्री जितिन प्रसाद अपनी यात्रा के दौरान रबात में व्यापारिक नेताओं के साथ भी संवाद करेंगे।

भारत और मोरक्को 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाएंगे। इसे देखते हुए यह यात्रा और भी महत्वपूर्ण है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी।

इस यात्रा से भारत-मोरक्को आर्थिक सहयोग के संस्थागत ढांचे को और सुदृढ़ करने तथा द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, औद्योगिक साझेदारी और व्यापार-से-व्यापार संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

***

पीके/केसी/एसकेजे/एचबी  

(रिलीज़ आईडी: 2302660) आगंतुक पटल : 3

इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati