News in Brief

संचार मंत्रालय

azadi ka amrit mahotsav

डॉ. विनय प्रकाश सिंह लगातार दूसरी बार एपीपीयू के महासचिव चुने गए

प्रविष्टि तिथि: 06 SEP 2026 10:04AM by PIB Delhi

भारतीय डाक सेवा के 1988 बैच के अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह को एशियाई-प्रशांत डाक संघ (एपीपीयू) के महासचिव के रूप में लगातार दूसरी बार चार वर्षीय कार्यकाल के लिए पुनः चुने गए। 4 सितंबर, 2026 को बैंकॉक में आयोजित 14वें एपीपीयू सम्मेलन में उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनका पुनः चुनाव एशिया-प्रशांत क्षेत्र के डाक प्रशासनों के उनके नेतृत्व में विश्वास और सर्वसम्मति को दर्शाता है और अंतर्राष्ट्रीय डाक सहयोग में भारत के योगदान की एक महत्वपूर्ण मान्यता है। उनका दूसरा कार्यकाल जनवरी 2027 से शुरू होकर दिसंबर 2030 तक चलेगा।

डॉ. विनय प्रकाश सिंह, महासचिव, एशियाई-प्रशांत डाक संघ (एपीपीयू)

डॉ. सिंह का पुनर्निर्वाचन ऐसे समय में हुआ है जब एपीपीयू एशिया-प्रशांत क्षेत्र में डाक सहयोग को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैंकॉक में मुख्यालय वाला यह संघ 32 सदस्य देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है और संयुक्त राष्ट्र की डाक क्षेत्र के लिए विशेष एजेंसी, यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (यूपीयू) के क्षेत्रीय संघ के रूप में कार्य करता है। 2022 में 13वें एपीपीयू कांग्रेस में अपने पहले चुनाव के बाद जनवरी 2023 में पदभार संभालने के बाद से, डॉ. सिंह ने डाक प्रशासनों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने और पूरे क्षेत्र में डाक सेवाओं के विकास और आधुनिकीकरण में योगदान दिया है। उनका दूसरा कार्यकाल क्षेत्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने और डाक क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का और अवसर प्रदान करेगा।

तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में, डॉ. सिंह ने भारत सरकार में कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है, जिनमें डाक सेवा बोर्ड के सदस्य, डाक विभाग में वरिष्ठ उप महानिदेशक और मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर प्रदेश सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल और इंडिया पोस्ट मुख्यालय में मुख्य महाप्रबंधक शामिल हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग, अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम और सेना डाक सेवा कोर में भी कार्य किया है। एक प्रख्यात शिक्षाविद के रूप में, उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से आधुनिक इतिहास में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से प्रबंधन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। डाक विभाग डॉ. विनय प्रकाश सिंह को उनके पुनः निर्वाचित होने पर बधाई देता है और एशियाई-प्रशांत डाक संघ के महासचिव के रूप में उनके सफल और प्रभावशाली दूसरे कार्यकाल की कामना करता है।

***

पीके/केसी/केएल/वीके

(रिलीज़ आईडी: 2307116) आगंतुक पटल : 4