News in Brief

नई दिल्ली:भारत की पूर्व गोलकीपर हेलन मेरी (Helen Mary) का मानना है कि भारतीय महिला हॉकी टीम अपने खेल के कुछ पहलुओं पर काम करके टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में टॉप-3 में जगह हासिल कर सकती है. पिछले 3 से 3 सालों में महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है.

‘महिला टीम 90 फीसदी तैयार’

हेलन मेरी (Helen Mary) ने हॉकी इंडिया के पॉडकास्ट ‘हॉकी ते चर्चा ’ (Hockey Te Charcha) में कहा,‘अर्जेंटीना और जर्मनी में प्रदर्शन को देखते हुए मुझे लगता है कि हमारी टीम 90 फीसदी तैयार है और आने वाले कुछ वक्त में अपने खेल को और बेहतर कर सकते हैं. मुझे यकीन है कि वो टोक्यो में इतिहास रच सकती है. टोक्यो में तिरंगा लहराएगा.’
 

यह भी देखें- टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के स्कूल के दिनों की कुछ यादगार तस्वीरें
 

‘भारतीय टीम में कॉन्फिडेंस देखा’

हेलन मेरी (Helen Mary) ने कहा, ‘अर्जेंटीना में जिस तरह से भारतीय टीम खेली, हालांकि दुनिया की दूसरे नंबर की टीम को नहीं हरा सकी लेकिन कॉन्फिडेंस देखने लायक था. मैने भारतीय टीम को किसी टीम के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर ऐसे खेलते नहीं देखा.’

 

गोल्ड मेडल जीत चुकीं हैं हेलन

भारत के लिए साल 1992 से एक दशक से ज्यादा के अपने इंटरनेशनल कैरियर में 2002 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2004 एशिया कप में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रही हेलन मेरी (Helen Mary) ने कहा कि अब काफी व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से तैयारी होती है.

‘काफी बदलाव आया है’

हेलन मेरी (Helen Mary) ने कहा,‘हमारे समय में और आज के समय में काफी फर्क है. अब वैज्ञानिक तरीके से सब कुछ होता है और टीम के पास बड़ा सहयोगी स्टाफ है. फिटनेस, खुराक और कार्यभार सभी पहलुओं का ध्यान रखा जाता है. हर रणनीति पहले से तय होती है.’