News in Brief

नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने आईपीएल 2021 (IPL 2021) के दौरान अपनी लय हासिल कर ली है. उन्हें लगता है कि टीम पिछले 6 महीने के शानदार प्रदर्शन को दोहराने में कामयाब रहती है तो ब्रिटिश दौरा भी उसके लिए कामयाब होगा.

जून में इंग्लैंड जाएगी टीम इंडिया

भारतीय टीम 2 जून को साढ़े तीन महीने के इंग्लैंड के दौरे पर रवाना होगी जहां वह कुछ 6 टेस्ट मैच खेलेगी. इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जून से शुरू होने वाला आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC WTC Final) का फाइनल भी शामिल है. इसके बाद भारत 4 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा.
 

यह भी पढ़ें- संजना गणेशन का संडे मॉर्निंग लुक इंटरनेट पर मचा रहा है धमाल
 

टूर्नामेंट पर फोक्स-शमी

दुनियाभर के देश जब कोविड-19 महामारी से जूझ रहे हैं तब शमी ने कहा कि ऐसे वक्त में बहुत ज्यादा प्लान बनाने का कोई फायदा नहीं है. इस तेज गेंदबाज ने ‘गल्फ न्यूज’ से कहा, ‘देखिए ये बहुत अधिक योजनाएं बनाने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि कुछ चीजें हमारे कंट्रोल में नहीं हैं. किसने सोचा था कि यह महामारी हमारी जिदंगी के 2 साल बर्बाद कर देगी. इसलिए मैं एक समय में एक सीरीज या एक टूर्नामेंट पर ध्यान दे रहा हूं.’

‘6 महीने के प्रदर्शन को दोहराना होगा’

मोहम्मद शमी ने कहा, ‘हमने टीम के रूप में हाल में बेजोड़ क्रिकेट खेली है और निश्चित तौर पर इंग्लैंड दौरे से पहले हमारा मनोबल बढ़ा हुआ है.’ अब तक 50 टेस्ट मैचों में 180 विकेट लेने वाले शमी ने कहा, ‘यदि हम पिछले छह महीने की फार्म को दोहराने में सफल रहते हैं तो मुझे पूरा विश्वास है कि यह दौरा हमारे लिये शानदार होगा.’

AUS में लगी थी चोट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में कलाई में चोट लगने के कारण लगातार 7 टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाने वाले शमी जानते हैं कि वह हमेशा नहीं खेल सकते हैं और यही कारण है कि युवा पीढ़ी को गुर सिखाना चाहते हैं. शमी ने कहा, ‘ऐसा खुद-ब-खुद ही होता है. इतने सालों से इंटरनेशनल क्रिकेट में होने के बाद मैं युवाओं को गुर सिखाना पसंद करूंगा. मैं हमेशा नहीं खेलता रहूंगा इसलिए अगर मैं युवाओं को गुर सिखाता हूं तो यह अच्छा होगा.’

 

बॉलिंग को लेकर ज्यादा नहीं सोच रहे

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपनी गेंदबाजी के बारे में कहा, ‘मेरा रवैया कैसा होगा इसको लेकर मैं बहुत ज्यादा नहीं सोचता. मैंने आईपीएल (IPL) में अपनी लय हासिल कर ली थी और बाकी चीजें हालात पर निर्भर करती हैं.’