News in Brief

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम को कभी डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने का मौका मिलेगा.

भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरे पर तीस सितंबर से तीन अक्टूबर तक पर्थ के वाका मैदान पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलेगी. इस दौरे पर टीम को सीमित ओवरों की सीरीज भी खेलनी है.

ऐसा कभी नहीं सोचा था: मंधाना 

स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने क्रिकइंफो से बातचीत करते हुए कहा, ‘सच कहूं तो जब मैं पुरुषों के डे-नाइट टेस्ट देखती थी तो मैंने वास्तव में कभी नहीं सोचा था कि इस पल का अनुभव कर पाऊंगी. इस समय ‘मैं’ कहना गलत होगा, मैंने सोचा नहीं था कि भारतीय (महिला) टीम इसका अनुभव कर पाएगी’.

उन्होंने कहा, ‘जब इसकी घोषणा हुई तो मुझे काफी खुशी हुई’.

यह काफी चुनौतीपूर्ण होगा: मंधाना 

मंधाना (Smriti Mandhana) ने कहा, ‘मुझे अपना पहला दिन-रात्रि एकदिवसीय और टी20 मैच भी याद है. मैं बहुत उत्साहित थी, एक छोटे बच्चे की तरह. मैं सोच रही थी ‘वाह, हम एक दिन-रात का मैच खेल पाएंगे’.

भारतीय टी20 टीम की उपकप्तान ने कहा, ‘अब जबकि हम एक डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने जा रहे हैं, हमें कई चीजों पर काम करना होगा लेकिन बहुत उत्साह है. डे-नाइट टेस्ट मैच का हिस्सा बनने के बारे में उत्साह है. वह भी ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए यह एक बेहतरीन पल होने जा रहा है’.

बता दें कि मंधाना (Smriti Mandhana) ने अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं. पहला मैच अगस्त 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ और दूसरा मैच उसी साल मैसूर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ. भारत ने दोनों मैच क्रमश छह विकेट और 34 रन से जीते थे.