लंदन: यूनाइटेड किंगडम के ससेक्स से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. दरअसल यहां ड्रग डीलर्स ने एक घर को सिर्फ इसलिए आग लगा दी क्योंकि उसमें रहने वाला परिवार करीब 400 यूरो यानी करीब 35,254 रुपये नहीं चुका पाया था. घर जलने की वजह से एक महिला और 4 साल के बच्चे की मौत हो गई.

डेली मेल में छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में 34 साल की जीना इंगल्स की अपने बेटे मीलो को आग की लपटों से बचाते हुए मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी जैकब और एंड्रयू ने पेट्रोल डालकर उनके घर में कथित रूप से आग लगा दी.

जांच के दौरान पीड़िता और उनके बेटे का शव बेडरूम में खिड़की के नीचे दबा हुआ मिला. मां का शव अपने बेटे के ऊपर झुका हुआ था. माना जा रहा है कि आखिरी समय में मां ने आग से अपने बच्चे को बचाने के लिए उसको चारों ओर से घेरने की कोशिश की. मां-बेटे के शव के पास उनके पालतू Doggy का शव भी बरामद हुआ.

हालांकि घर में आग लगने के दौरान जीना के पति टॉबी जैरेट दूसरी मंजिल पर बनी एक खिड़की से कूद गए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए. उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, कई महीने तक वहां उनका इलाज चला.

बता दें कि कोर्ट में आरोपी जैकब और एंड्रयू को दोषी करार दे दिया है. दोषियों का डीएनए मौके से बरामद हुए आरोपियों के डीएनए सैंपल से मैच कर गया है. यह घटना 10 जुलाई, 2018 की है. ये घटना पड़ोस के एक घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसकी मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की.