News in Brief

नई दिल्ली: भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (World Test Championship) के फाइनल की जंग शुरू होने ने बेहद कम वक्त बचा है. 18 जून को साउथम्पटन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच ये घमासान शुरू होगा. टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी. 

मुकाबला शुरू होने से पहले ही पूर्व क्रिकेटरों ने भविष्यवाणी करना शुरू कर दी है. इसी बीच कपिल देव (Kapil Dev) ने विराट कोहली (Virat Kohli) को इंग्लैंड दौरे से पहले खास सलाह दी है.

कपिल देव ने विराट को दी सलाह

कपिल देव (Kapil Dev) ने मिड डे को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘विराट कोहली बेशक शतक नहीं जड़ पा रहे हों पर वो रन बना रहे हैं. इंग्लैंड में भी उनके रन बनाने की उम्मीद है. लेकिन, ऐसा करते हुए उन्हें अपनी अति आक्रामकता से बचना होगा. वो थोड़े जोश में आ जाते है, जो कि उनका स्वभाव है. पर मुझे डर है कि कहीं वो ज्यादा आक्रामक न हो जाएं. उन्हें सेशन दर सेशन अपनी आक्रामकता को परखना होगा. ज्यादा आक्रामकता दिखाने से बेहतर रहेगा कि वो विरोधी टीम पर चढ़ बैठने के पल का इंतजार करें.

उन्होंने कहा, ‘उन्हें रन बनाने होंगे, लेकिन मैं उसे अति आक्रामक ना होने के सावधान करूंगा. इंग्लैंड की कंडीशन में बहुत ज्यादा करने से या कुछ भी जल्दी से हासिल नहीं होगा. वहां आपको बॉल की मूवमेंट पर नजर रखनी होगी. अगर आप सीम और स्विंग बेहतर खेलते हैं तो थोड़ा संयम बरतें फिर आपको इंग्लैंड में सफलता मिलकर रहेगी’.

18 जून से शुरू होगा घमासान 

न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 18 जून को साउथम्पटन में खेला जाएगा जबकि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला चार अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होगी. दूसरा टेस्ट 12 से 16 अगस्त को लॉडर्स पर, तीसरा 25 से 29 अगस्त को लीड्स में, चौथा दो से छह सितंबर को ओवल पर और पांचवां 10 से 14 सितंबर को मैनचेस्टर में खेला जाएगा.

भारतीय टीम :

रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, केएल राहुल (फिट होने पर), रिद्धिमान साहा (फिट होने पर).

स्टैंडबाय : अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान , अर्जन नगवासवाला.