
नई दिल्ली: टीम इंडिया को अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ World Test Championship के फाइनल में खेलना है. इस बड़े मैच से पहले टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी. इस मुकाबले से पहले आईसीसी ने भारतीय टीम के प्लान के बारे में बताया है.
कड़े क्वारंटाइन में रहेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ WTC फाइनल से पहले क्वारंटाइन में रहेगी. ICC के शनिवार को इसकी जानकरी दी लेकिन यह नहीं बताया कि टीम को इंग्लैंड पहुंचने के बाद कितने दिनों तक कड़े क्वारंटाइन (होटल कमरे तक सीमित) में रहना होगा. WTC तालिका में शीर्ष पर रही इन दोनों टीमों के बीच 18 से 22 जून तक साउथैमप्टन के हैम्पशर बाउल में यह मुकाबला खेला जाएगा.
पहले ही पहुंच चुकी न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टेस्ट श्रृंखला के लिए पहले ही वहां पहुंच चुकी है जबकि विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम भारत में मुंबई में 14 दिनों का क्वारंटाइन पूरा करने के बाद तीन जून को इंग्लैंड पहुंचेगी.
आईसीसी की प्रेस रिलीज के मुताबिक, ‘ब्रिटेन सरकार की ओर से 17 मई 2021 को जारी स्वास्थ्य सुरक्षा (कोरोना वायरस, अंतरराष्ट्रीय यात्रा और संचालन जवाबदेही) (इंग्लैंड) विनियमन 2021 में उल्लिखित कार्यक्रम को छूट प्रदान की गई है. यहां पहुंचने के बाद टीम हवाई अड्डे से सीधे हैम्पशर बाउल स्थित होटल पहुंचेगी जहां व्यवस्थित क्वारंटाइन अवधि शुरू करने से पहले उनकी फिर से जांच की जाएगी.’
आईसीसी की विज्ञप्ति में हालांकि इस बात का उल्लेख नहीं है कि टीम को साउथैम्पटन में कड़े क्वारंटाइन में कितने दिनों तक रहना होगा. न्यूजीलैंड टीम के लिए, ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) ने तीन दिनों के कड़े पृथकवास का इंतजाम किया है और इसके बाद खिलाड़ियों को अभ्यास की छूट होगी.
की जाएगी नियमित जांच
क्वारंटाइन के दौरान खिलाड़ियों की नियमित जांच की जाएगी. भारतीय टीम मुंबई में 14 दिनों के क्वारंटाइन के दौरान आरटी-पीसीआर जांच की छह नेगेटिव रिपोर्ट के साथ ब्रिटेन रवाना होगी. रविचंद्रन अश्विन, मयंक अग्रवाल, वॉशिंगटन सुंदर जैसे कुछ खिलाड़ियों को एक सप्ताह के क्वारंटाइन को पूरा करने और जांच में नेगेटिव आने के बाद 25 मई से होटल में जिम सुविधा की उपयोग करने की अनुमति दी गई है.
मुंबई के होटल में कप्तान कोहली, रोहित शर्मा सहित देर से आने वाले खिलाड़ियों को ब्रिटेन की उड़ान से पहले कमरे में क्वारंटाइन पूरा करना होगा. उन्हें जिम की सामग्री रूम के अंदर ही मुहैया करायी गयी है. ब्रिटेन में खिलाड़ियों को जांच में नेगेटिव आने के बाद धीरे-धीरे छूट का दायरा बढ़ाया जाएगा. क्वारंटाइन के बाद उन्हें छोटे समूह और फिर बड़े समूह में अभ्यास की अनुमति होगी. टीम को हालांकि हर समय बायो-बबल में रहना होगा. न्यूजीलैंड की टीम 15 जून को ईसीबी के बायो-बबल से WTC फाइनल के बबल में आयेगी.
