News in Brief

लंदन: इंग्लैंड के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर (Monty Panesar) ने कहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से शुरू होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल के दौरान साउथेम्प्टन की पिच स्पिनरों को मदद करेगी और इससे भारत को फायदा होगा. डब्ल्यूटीसी का फाइनल 18 से 22 जून तक साउथेम्प्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा.

साउथेम्प्टन का विकेट स्पिनरों की मदद करेगा

मोंटी पनेसर (Monty Panesar) ने कहा,  ‘मुझे लगता है कि साउथेम्प्टन का विकेट स्पिनरों की मदद करेगा और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी स्पिन को बहुत अच्छी तरह से नहीं खेलते हैं और ऐसे में यहां पर भारत को फायदा होने वाला है.’ पनेसर ने इससे पहले कहा था कि इंग्लैंड के खिलाफ भारत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 5-0 से जीतेगा.

भारत मेजबान इंग्लैंड पर क्लीन स्वीप नहीं कर पाएगा

लेकिन अब मोंटी पनेसर का कहना है कि भारत मेजबान इंग्लैंड पर क्लीन स्वीप नहीं कर पाएगा. हालांकि उन्होंने कहा कि भारतीय टीम आगामी सीरीज जीत सकती है, क्योंकि उसके पास अच्छे तेज गेंदबाज और अनुभवी बल्लेबाज हैं. मोंटी पनेसर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस बार इसका संबंध मौसम से है, लेकिन भारत की यह टीम भी काफी मजबूत है.’

भारत के पास अच्छे तेज गेंदबाज

मोंटी पनेसर ने कहा, ‘भारत के पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं, वे स्विंग गेंद को बेहतर तरीके से खेलते हैं और उनके स्पिनरों के पास इस बात का बेहतर विकल्प है कि कैसे अच्छा प्रदर्शन किया जाए. मौजूदा भारतीय टीम बहुत अच्छा खेल रही है. वह 5-0 से नहीं, लेकिन सीरीज जरूर जीतेगी.’

एंडरसन और ब्रॉड पर इंग्लैंड की जिम्मेदारी 

39 साल के पनेसर ने कहा कि इंग्लैंड की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड किस तरह से प्रदर्शन करते हैं. पूर्व स्पिनर ने कहा, ‘मैं समझता हूं कि इंग्लैंड की टीम इंग्लैंड में बहुत अच्छी है, लेकिन भारत ने भी स्पिन के खिलाफ तरीका खोज लिया है. इसलिए यह काफी दिलचस्प सीरीज होने वाली है. हमें यह देखना होगा कि जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड किस तरह का प्रदर्शन करते हैं.’