News in Brief

नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप के चलते आईपीएल 2021 (IPL 2021) को बीच में ही रोक दिया गया था. इस बड़ी लीग में लगातार खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य कोरोना से संक्रमित हो रहे थे, जिसके बाद ये बड़ा फैसला लिया गया. इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) ने एक बड़ा बयान दिया.     

वॉर्नर का बड़ा खुलासा

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) का कहना है कि आईपीएल (IPL) के दौरान भारत में लोगों को ऑक्सीजन के लिए संघर्ष करते देखना भयानक और परेशान करने वाला था. वार्नर ने कहा, ‘मेरे ख्याल से घर में सभी ने टीवी पर ऑक्सीजन को लेकर भारत के हालात देखे. लोग अपने परिवार के लोगों के अंतिम संस्कार के लिए लाइन लगा रहे थे.’ बता दें कि आईपीएल में कोरोना के मामले सामने आने के बाद चार मई को टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया था.

भारत के हाल परेशान करने वाले 

वॉर्नर (David Warner) ने कहा, ‘भारत में हालात भयानक थे और इंसानियत के तौर पर यह देखना काफी परेशान करने वाला था. मेरे ख्याल से आईपीएल को स्थगित करना सही फैसला था. बबल में जाना चुनौतीपूर्ण होता है. हमें पता है कि भारत में सभी क्रिकेट से प्यार करते हैं.’ वॉर्नर को टूर्नामेंट के बीच में ही सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह केन विलियम्सन को कप्तान नियुक्त किया था. वार्नर ने कहा, ‘यह काफी चुनौतीपूर्ण था और हम भारत से जल्द से जल्द जाना चाहते थे. हम मालदीव में थे जहां अन्य लोग भी इसी कारण से वहां थे.’

आईपीएल हुआ था स्थगित 

बता दें कि आईपीएल 2021 (IPL 2021) को मई महीने की 4 तारीख को कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते मामलों के चलते स्थगित कर दिया गया था. टीमों के बायो-बबल में खिलाड़ी और स्टॉफ सदस्य लगातार इस महामारी से संक्रमित हो रहे थे. भारत में भी कोरोना से संक्रमित होने वाले लोगों का आंकड़ा 4 लाख के पार चला गया था, लेकिन अब लगातार कोरोना के मामले  2 लाख से कम आ रहे हैं. आईपीएल का बचा हुआ सीजन यूएई में खेला जाएगा.