News in Brief

मुंबई: भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) फाइनल के लिए अपनी टीम की सीमित तैयारी से चिंतित नहीं हैं क्योंकि उनका मानना है कि अतीत में इंग्लैंड में खेलने के अनुभव से उन्हें हालात की जरूरी समझ है.

टेस्ट का ये वर्ल्ड कप 18 जून को साउथम्पटन में न्यूजीलैंड और टीम इंडिया के बीच खेला जाएगा. न्यूजीलैंड की टीम अभी इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर दो टेस्ट की श्रृंखला खेल रही है जबकि भारत को ब्रिटेन पहुंचने के बाद पृथकवास से गुजरना होगा और इसमें से तीन दिन होटल में ही रहना होगा.

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पर बोले विराट कोहली

विराट कोहली (Virat Kohli) ने टीम की रवानगी से पहले हुई प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘देखिए अतीत में भी हम पूर्ण कार्यक्रम तैयार होने के बावजूद सिर्फ तीन दिन पहले मेजबान देश में पहुंचे हैं और इसके बावजूद शानदार श्रृंखला हुई और हमने कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की, इसलिए ये सब चीजें दिमाग में होती हैं’.

कोहली (Virat Kohli) ने जोर देते हुए कहा कि यह मानसिकता से जुड़ी चीज है.

उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि हम पहली बार इंग्लैंड में खेल रहे हैं, हम सभी को पता है कि यहां के हालात कैसे होते हैं. और यहां तक कि अगर हालात किसी तरह के हालात के आदी हैं, लेकिन अगर सही मानसिकता के साथ मैदान पर नहीं उतरते हैं तो आप पहली ही गेंद पर आउट हो सकते हो या आपको विकेट हासिल करने में मुश्किल हो सकती है’.

इंग्लैंड में अभ्यास की कमी चिंता की बात नहीं : कोहली

कोहली (Virat Kohli) ने कहा कि अगर उनकी टीम को सिर्फ चार अभ्यास सत्र भी मिलते हैं तो उन्हें कोई समस्या नहीं है.

इस स्टार बल्लेबाज ने कहा, ‘हमें मैच से पहले चार अभ्यास सत्र में भी कोई समस्या नहीं है क्योंकि हम पूरी तरह सुनिश्चित हैं कि एक टीम के रूप में हम क्या कर सकते हैं और हम सभी इंग्लैंड में खेल चुके हैं’.

उन्होंने कहा, ‘फिर यह भारतीय टीम के साथ हो या भारत ए के साथ, मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों के लिए, इसलिए हम इससे परेशान नहीं हैं और हम सिर्फ मैदान पर उतरकर मौके का फायदा उठाना चाहते हैं’.

रवि शास्त्री दिया बयान

कोच रवि शास्त्री ने कहा कि मौजूदा शेड्यूल और पृथकवास ने खिलाड़ियों का काम मुश्किल कर दिया है. उन्होंने कहा, ‘बात सिर्फ विश्व चैम्पियनशिप की नहीं है बल्कि छह सप्ताह में इस माहौल में पांच टेस्ट खेलने है जो मजाक नहीं है’.

उन्होंने कहा, ‘सबसे फिट खिलाड़ियों को भी ब्रेक की जरूरत होगी. मानसिक पहलू को अनदेखा नहीं कर सकते’.

8 जून से शुरू होगा घमासान

न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 18 जून को साउथम्पटन में खेला जाएगा जबकि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला चार अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होगी. दूसरा टेस्ट 12 से 16 अगस्त को लॉडर्स पर, तीसरा 25 से 29 अगस्त को लीड्स में, चौथा दो से छह सितंबर को ओवल पर और पांचवां 10 से 14 सितंबर को मैनचेस्टर में खेला जाएगा.