
नई दिल्ली: पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) का अपने देश के क्रिकेट बोर्ड के साथ हमेशा 36 का आंकड़ा रहा है. आमिर ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था और उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर कई बड़े आरोप भी लगाए थे. लेकिन बोर्ड लगातार आमिर को टीम में वापस लाने की कोशिश कर रहा है.
पीसीबी कर रहा है कोशिश
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने शनिवार को कहा कि अनुभवी मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) राष्ट्रीय टीम के लिए अब भी खेल सकते हैं तथा उनके और कोचों के बीच मेल मिलाप के प्रयास जारी हैं. खान ने खुलासा किया कि आमिर की ब्रिटेन में उनसे मुलाकात हुई थी और इस खिलाड़ी ने टीम प्रबंधन के खिलाफ अपनी शिकायतें उन्हें बताई थीं.
कोचिंग स्टॉफ से मेल-मिलाप की कोशिश
उन्होंने यूट्यूब पर ‘क्रिकेट बाज’ चैनल में कहा, ‘मैंने उन्हें स्पष्ट किया कि बतौर सीनियर खिलाड़ी उन्होंने जो रास्ता अख्तियार किया था वो सही नहीं था. मुझे लगता है कि आमिर हमारे लिए अब भी अहम खिलाड़ी है और हम उनके और कोचों के बीच मेल मिलाप का प्रयास करेंगे.’ हालांकि उन्होंने आमिर की पाकिस्तानी टीम में वापसी की समय सीमा नहीं बताई.
पाकिस्तानी मैनेजमेंट पर भी लगाए थे आरोप
मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) ने हाल ही में दिसंबर 2020 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. इसके लिए आमिर ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टॉफ पर गहरे आरोप लगाए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि टीम के कुछ कोचिंग स्टॉफ नहीं चाहते कि वो आगे खेलें. आमिर का कहना था कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया था, जिसके बाद उन्हें मजबूरी में क्रिकेट छोड़ना पड़ा था. आमिर ने सिर्फ 28 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था.
