News in Brief

नई दिल्ली: महान एथलीट मिल्खा सिंह (Milkha Singh) और उनकी पत्नी निर्मल की हालत स्थिर है. अलग-अलग अस्पतालों में इन दोनों इलाज चल रहा है. मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल हालांकि मोहाली के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर लोगों ने मिल्खा सिंह की मौत की अफवाह उड़ा दी.

लोगों ने उड़ा दी अफवाह 

दरअसल कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर ये खबर फैला दी कि फ्लाइंग सिख कोरोना के खिलाफ अपनी जिंदगी की रेस हार बैठे हैं. लोग तरह-तरह के ट्वीट करने लगे. लेकिन असल में मिल्खा (Milkha Singh) की हालत ठीक है. ट्विटर पर उनकी मौत के कुछ ऐसे ट्वीट वायरल होने लगे. 

परिवार भी हुआ आहत
 

मिल्खा सिंह (Milkha Singh) का परिवार इन अफवाहों से काफी आहत है कि यह महान एथलीट कोरोना के खिलाफ अपनी जिंदगी की रेस हार गया है. मिल्खा सिंह के परिवार ने एक बयान जारी करते हुए कहा, ‘मिल्खा जी की हालत स्थिर है और वह सुधारकर रहे हैं, लेकिन वह अभी भी ऑक्सीजन पर हैं. श्रीमती निर्मल मिल्खा का इस बीमारी से बहादुरी से लड़ना जारी है. कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें. यह झूठी खबर हैं. आपकी निरंतर प्रार्थना और शुभकामनाओं के लिए बहुत बहुत धन्यवाद. हम आभारी हैं.’

खेल मंत्री ने भी किया ट्वीट 

मिल्खा सिंह (Milkha Singh) की मौत की खबर फैलाने वालों को भारत के खेल मंत्री किरण रिजीजू (Kiren Rijiju) ने भी अब करारा जवाब दिया है. खेल मंत्री ने लोगों से गुजारिश की है कि ऐसी फेक खबर ना फैलाएं और मिल्खा एकदम ठीक हैं. उन्होंने एक ट्वीट कर कहा, ‘कृपया झूठी खबरें न चलाएं. महान एथलीट और भारत के गौरव मिल्खा सिंह जी के बारे में अफवाहें न फैलाएं. वह स्थिर हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते रहें.

बता दें कि पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), जहां मिल्खा सिंह (Milkha Singh) का इलाज चल रहा है, ने कहा है कि 91 साल के मिल्खा सिंह की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. इससे पहले सिंह के मोहाली को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया था. बीते सप्ताह उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी. 82 साल की निर्मल अभी भी आईसीयू में हैं और फोर्टिस में ही ऑब्ज्र्वेशन में हैं. कोरोना निमोनिया से पीड़ित होने के बाद उनको अस्पताल में दाखिल किया गया था.