लंदन: यूनाइटेड किंगडम में इस वक्त एक बिजनेस वुमन की हत्या का मामला फिर से चर्चा में है. आरोपी ने कार में सवार महिला पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया था. उसने महिला पर एक के बाद एक 50 बार वार किए. इस दौरान महिला बुरी तरह से घायल हो गई.

मिरर में छपी रिपोर्ट के अनुसार, जानलेवा हमले में घायल होने के बाद पीड़िता पैनी को आनन-फानन अस्पताल ले जा गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

रविवार को पीड़िता की बेटी ने अपनी मां को उनकी 30वीं डेथ एनीवर्सरी पर एक बार फिर से याद किया और उनकी याद में श्रद्धाजंलि सभा भी बुलाई. जिसके बाद ये मामला दोबारा चर्चा का विषय बन गया. मां को याद करते हुए बेटी की आंखें भर आईं.

पीड़ित महिला की बेटी लॉरेन बेल ने अपनी मां के हत्यारे से अपील करते हुए कहा कि मैं और मेरा भाई मैथ्यू पिछले 30 साल से नर्क जैसी जिंदगी गुजार रहे हैं. हमें नहीं पता कि तुम कौन हो और तुमने हमारी मां को क्यों मारा? प्लीज अपना गुनाह कबूल कर लो, जिससे 30 साल पुराना ये केस खत्म हो सके और हमारी मां की आत्मा को शांति मिल सके.

लॉरेन ने आगे कहा कि अगर तुम (हत्यारे) में जरा सी भी इंसानियत है तो हमें और परेशान करना बंद करो. अपनी मां के कातिल के बारे में नहीं जानना हम दोनों भाई-बहनों को बहुत दुख देता है. हालांकि तुम्हे भी यह बात अंदर से कचोटती होगी कि तुम अपना गुनाह कबूल कर लो.

उन्होंने आगे कहा कि तुम (हत्यारे) नहीं जानते तुमने हमारी मां को मारकर हमारे परिवार को बिखेर दिया था. जिसके बाद हम दोनों बच्चे बिना मां के बड़े हुए. हमने हर दिन क्या-क्या तकलीफें झेलीं, तुम इसका अंदाजा भी नहीं लगा सकते.

बता दें कि 6 जून, 1991 को वेस्ट लंदन में पीड़िता कार से कहीं जा रही थी. तभी आरोपी उसकी कार रोककर ताबड़तोड़ हमले करना शुरू कर देता है. यह यूनाइटेड किंगडम के कभी न सॉल्व होने वाले रहस्यमयी मामलों में से एक है. पुलिस 30 साल बाद भी पता नहीं लगा पाई है कि महिला का हत्यारा कौन है.