नई दिल्ली: भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है. दरअसल, हरभजन सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है, जिसमें उन्होंने 1984 में स्वर्ण मंदिर के अंदर हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान मारे गए खालिस्तानी आतंकी जरनैल सिंह भिंडरावाले (Jarnail Singh Bhindranwale) को शहीद बताया है.
आतंकी भिंडरावाले को बताया शहीद
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने खालिस्तानी आतंकी जरनैल सिंह भिंडरावाले (Jarnail Singh Bhindranwale) को श्रद्धांजलि दी है. हरभजन सिंह ने भिंडरावाले को ‘शहीद’ बताने की कोशिश की है. बता दें कि ऑपरेशन ब्लू स्टार (Blue Star) को एक जून से 8 जून 1984 तक अमृतसर के स्वर्ण मंदिर (Golden Temple) में अंजाम दिया गया था. यह इंडियन आर्मी की ओर से किया गया एक बड़ा मिशन था.

अब दी सफाई
भिंडरावाले (Jarnail Singh Bhindranwale) को शहीद बताने के बाद जब सब जगह हरभजन (Harbhajan Singh) की आलोचना की जाने लगी तो उन्होंने अब अपनी सफाई देते हुए सोशल मीडिया पर माफी मांगी है. उन्होंने लिखा, ‘मैं कल की एक इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए सफाई देना चाहता हूं और इसके लिए माफी भी मांगना चाहता हूं. यह एक व्हाट्सएप फॉरवर्ड था जिसे मैंने जल्दबाजी में पोस्ट कर दिया था, यहां तक कि मैंने ये भी नहीं देखा था कि इस पोस्ट में क्या तस्वीर थी और इसका मतलब क्या था. मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं.’
भज्जी (Harbhajan Singh) ने आगे कहा, ‘मैं एक सिख हूं जो भारत के लिए लड़ेगा, कभी भारत के खिलाफ नहीं. देश की भावनाओं को आहत करने के लिए ये मेरी माफी है. सच में मैं किसी भी राष्ट्र विरोधी समूह का समर्थन नहीं करता और ना ही कभी करूंगा. मैंने 20 साल तक इस देश के लिए अपना खून-पसीना दिया है और कभी भी भारत विरोधी किसी भी चीज का समर्थन नहीं किया.’
My heartfelt apology to my people.. pic.twitter.com/S44cszY7lh
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) June 7, 2021
भज्जी पर भड़क उठे थे लोग
ट्विटर पर हरभजन (Harbhajan Singh) को जमकर ट्रोल किया जा रहा है. जैसे ही उन्होंने आतंकी भिंडरावाले को शहीद बताया उनकी लोग जमकर आलोचना करने लग गए. सोशल मीडिया पर कुछ ही देर में तरह-तरह के ट्वीट वायरल होने लगे. कई लोगों ने कहा कि भिंडरवाले हमेशा से एक आतंकी था और हरभजन का उसे सपोर्ट करना गलत है.
