News in Brief

दोहा: भारत के करिश्माई खिलाड़ी सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) के दो गोल के दम पर भारत ने बांग्लादेश (Bangladesh) को 2-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2022 एवं एशियाई कप 2023 की संयुक्त क्वालीफायर्स में सोमवार को यहां पहली जीत दर्ज की.

बेहद खास है ये जीत

फीफा वर्ल्ड कप 2022 क्वालीफायर्स (FIFA World Cup 2022 Qualifiers) में 6 साल में यह टीम की पहली जीत है. घरेलू मैदान से बाहर वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में भारतीय टीम ने 20 साल के बाद कोई जीत दर्ज की है.

भारत की उम्मीदें बढ़ीं

इस जीत से भारतीय टीम की एशियाई क्वालीफायर के तीसरे दौर में सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदें बढ़ गई हैं. ग्रुप टेबल में टॉप 3 में रहने वाली टीमें सीधे तौर पर एशियाई कप क्वालीफायर के तीसरे दौर लिए क्वालीफाई करेगी. भारतीय फुटबॉल टीम हालांकि वर्ल्ड कप 2022 के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ से पहले ही बाहर हो गई है.

आखरी लम्हों में किया दूसरा गोल

भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) के कप्तान सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) ने 79वें मिनट में गोलकर टीम का खाता खोलने के बाद आखिरी लम्हों (90+2 मिनट) में एक और गोलकर ग्रुप ई के इस मैच में टीम की 2-0 से जीत सुनिश्चित कर दी.

भारत को दिलाए 3 प्वाइंट्स

मैच के दूसरे हाफ में मैदान में उतरे आशिक कुरुनियन के क्रास को छेत्री ने हेडर से शानदार एंगल बनाते हुए गोल में बदल दिया, जिससे भारतीय कोच इगोर स्टिमक ने राहत की सांस ली. यहां अल साद स्टेडियम में छेत्री यहीं नहीं रूके उन्होंने आखिरी लम्हों में सुरेश सिंह के पास को शानदार तरीके से गोल पोस्ट में पहुंचाकर भारतीय टीम के लिए 3 प्वाइंट्स सुनिश्चित किए.

छेत्री ने पूरा फायदा उठाया

मैच में शुरू से ही भारतीय टीम का दबदबा था लेकिन एक गोल से पिछड़ने के बाद बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने जवाबी हमला किया. बांग्लादेश की टीम बराबरी का गोल तो नहीं कर सकी लेकिन इससे भारत को बढ़त बनाने का मौका मिला जिसका सुनील छेत्री ने पूरा फायदा उठाया.

भारत के कुल 7 अंक

इस जीत के साथ भारतीय टीम के 6 मैच में 7 अंक हो गये हैं और वह ग्रुप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. टीम के खाते में इस जीत के अलावा तीन हार और तीन ड्रॉ शामिल हैं. भारत को अब 15 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलना है.

छेत्री ने मेसी को पछाड़ा

सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) के इंटरनेशनल गोल की संख्या अब 74 हो चुकी है इस तरह उन्होंने अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (72) और यूएई के अली मबखाउत (73) को पछाड़ दिया.  अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सक्रिय खिलाड़ियों में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद छेत्री के नाम सबसे ज्यादा गोल है, रोनाल्डो के नाम 103 इंटरनेशनल गोल हैं. 

टॉप एक्टिव इंटरनेशल फुटबॉल गोल स्कोरर की लिस्ट

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-103 (पुर्तगाल)
सुनील छेत्री-74 (भारत)
अली मबखाउत-73 (यूएई)
लियोनेल मेसी-72 (अर्जेंटीना)
रॉबर्ट लेवानडॉस्की-66 (पोलैंड)
लुईस सुआरेज-63 (उरूगवे)
ज्लाटन इब्राहमनोविच-62 (स्वीडन)
रोमेलू लुकाकू-60 (बेल्जियन)
ईडिन डिजेको-59 (बोस्निया हर्जेगोविना)
अली अश्फाक-53 (मालदीव)