
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम साउथम्पटन में 18 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल के भिड़ेगी. टीम इंडिया जब मैदान में उतरेगी तो उसके दिमाग में आईसीसी टूर्नामेंटों में कीवी टीम के खिलाफ उनका खराब रिकॉर्ड जरूर याद आएगा.
2003 में आखिरी बार न्यूजीलैंड को भारत ने हराया था
भारत ने आईसीसी टूर्नामेंटों में आखिरी बार न्यूजीलैंड को 2003 विश्व कप के सेमीफाइनल में हराया था. सौरभ गांगुली की कप्तानी वाली भारतीय टीम कीवी टीम को सात विकेट से मात दी. उस मैच में तेज गेंदबाज जहीर खान ने चार और हरभजन सिंह ने दो विकेट लिए थे. उस जीत के बाद से भारत अब तक एक बार भी आईसीसी के टूर्नामेंटों में न्यूजीलैंड को हरा नहीं पाया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का खराब रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड ने 2007 टी 20 विश्व कप के लीग मैच में भारत को 10 रन से हराया था. इसके बाद उसने 2016 टी20 विश्व कप के सुपर 10 मैच में भी भारत को 47 रनों से शिकस्त दी थी.
न्यूजीलैंड की टीम ने इसके बाद 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत को 18 रनों से मात दी थी.
उसके दो साल बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने गई थी, जोकि डब्ल्यूटीसी का हिस्सा था. उस सीरीज में भारत को पहले टेस्ट में वेलिंग्टन में 10 विकेट से और फिर क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टेस्ट में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.
ऐसे में विराट ब्रिगेड के पास विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट में जीत का सूखा खत्म करने का मौका है.
18 जून से शुरू होगा घमासान
न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल 18 जून को साउथम्पटन में खेला जाएगा जबकि इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला चार अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होगी. दूसरा टेस्ट 12 से 16 अगस्त को लॉडर्स पर, तीसरा 25 से 29 अगस्त को लीड्स में, चौथा दो से छह सितंबर को ओवल पर और पांचवां 10 से 14 सितंबर को मैनचेस्टर में खेला जाएगा.
भारतीय टीम : रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, केएल राहुल (फिट होने पर), रिद्धिमान साहा (फिट होने पर).
