Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हुए हालिया तनाव और हिंसा के बीच भारत के पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे ने कहा कि भारत और उसके पड़ोसी देशों का भविष्य आपस में जुड़ा हुआ है. उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ सकारात्मक और स्थिर संबंध बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और राजनीतिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी. नरवणे ने बांग्लादेश में चल रही उथल-पुथल पर टिप्पणी करने से परहेज करते हुए कहा कि भारत का ध्यान क्षेत्रीय सहयोग और संवाद पर केंद्रित है. उन्होंने बताया कि भारत ने हमेशा अन्य देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश की है. राजनीति में लोग बहुत सी बातें कहते हैं जो सच नहीं होतीं. हम सभी को पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की आवश्यकता और इच्छा है.
उस्मान हादी की हत्या के बाद बढ़ा तनाव
बता दें, बांग्लादेश में अशांति 12 दिसंबर को छात्र नेता और इंकलाब मंच के संयोजक शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बढ़ी. हादी को राजधानी ढाका के बिजोयनगर इलाके में गोली मार दी गई थी. 18 दिसंबर को सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. उनका अंतिम संस्कार बड़े जनसमूह की मौजूदगी में हुआ और परिवार की इच्छा के अनुसार उन्हें राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया.
ये भी पढ़ें: कवि काजी नजरुल इस्लाम और उस्मान हादी की विचारधारा अलग तो कब्र साथ क्यों?
उधर, मयमनसिंह में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) ने सात और पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ लिया. आरोपी दीपू को कथित ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या करने और उनके शव को जलाने के मामले में शामिल हैं. इस घटना से बांग्लादेश में हिंसा फैल गई है.
