
भारत और पाकिस्तान के बीच एसीसी अंडर 19 एशिया कप 2025 का फाइनल मैच दुबई के ICC एकेडमी ग्राउंड पर खेला जा रहा है. इस मैच में पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास ने अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया है. अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास ने शतक जड़कर ऐसा तूफान मचाया कि भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे को अपने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर पछतावा हो रहा होगा.
पाकिस्तानी ओपनर ने एशिया कप फाइनल में मचाया तूफान
पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास फिलहाल 72 गेंद पर 104 रन बनाकर खेल रहे हैं. समीर मिन्हास ने अपनी इस पारी के दौरान 144.44 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अभी तक 12 चौके और 4 छक्के उड़ाए हैं. समीर मिन्हास ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया और खुलकर चौके और छक्के लगाए. भारतीय टीम की फील्डिंग भी इस दौरान बेहद खराब नजर आई.
ये भी पढ़े- भारत टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीता तो रच देगा इतिहास, पहली बार बनेंगे ये 2 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारतीय फील्डर्स ने टपकाए दो कैच
पाकिस्तान की पारी के दौरान भारतीय फील्डर्स ने दो कैच टपकाए. पाकिस्तान की पारी के दूसरे ही ओवर में हेनिल पटेल की गेंद पर भारतीय फील्डर्स ने खतरनाक ओपनर हमजा जहूर का कैच टपका दिया. हमजा जहूर को 4 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला, लेकिन अंत में वह 18 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद पाकिस्तान की पारी के 15वें ओवर में खिलन पटेल ने अपनी तीसरी गेंद पर पाकिस्तानी बल्लेबाज उस्मान खान का कैच गिरा दिया. उस्मान खान उस वक्त 32 रन पर बैटिंग कर रहे थे. हालांकि अपने निजी स्कोर में सिर्फ 3 रन जोड़कर उस्मान खान 17वें ओवर में खिलन पटेल का शिकार बने. उस्मान खान 35 रन बनाकर आउट हुए.
कौन हैं पाकिस्तानी ओपनर समीर मिन्हास?
मुल्तान के रहने वाले समीर मिन्हास पाकिस्तानी अंडर-19 टीम के दाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर हैं, जो लेग ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं. समीर मिन्हास का जन्म 2 दिसंबर 2006 को हुआ था. समीर मिन्हास के बड़े भाई अराफात मिन्हास 2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थे. समीर मिन्हास के बड़े भाई अराफात मिन्हास पाकिस्तान के लिए 4 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं. अराफात मिन्हास ने इस दौरान 4 विकेट चटकाने के अलावा 25 रन भी बनाए हैं.
