INDU19 vs PAKU19: अंडर-19 मेंस एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने बाजी मार ली है. रविवार (21 दिसंबर) को दुबई में खेले गए मुकाबले में इंडिया अंडर-19 टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 347 रन टांग दिए और इसके जवाब में टीम इंडिया 156 रनों पर ढेर हो गई. ये हार चुभने वाली इसलिए भी है, क्योंकि भारतीय बल्लेबाजों ने 26.2 ओवरों में ही पाकिस्तान के सामने घुटने टेक दिए.
एशिया कप के फाइनल में ना कप्तान आयुष म्हात्रे का बल्ला चला और ना ही युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जलवा बिखेर सके. कप्तान तो सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वैभव ने छक्के के साथ खाता खोलकर उम्मीदें जगाई और कुछ शानदार छक्के भी जड़े, लेकिन वो जिस तलवार से काट रहे थे, उसी से खुद भी कट गए. 10 गेंदों पर 26 रन बनाने के बाद वैभव सूर्यवंशी आउट हो गए और उसके बाद भारत की हार लगभग पक्की हो गई थी.
आयुष म्हात्रे ने नहीं मानी गलती?
कई क्रिकेट एक्सपर्ट हमेशा से ये कहते आए हैं कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करना ही सही होता है. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. हैरान करने वाली बात ये थी कि पिच भी सपाट था. पाक ओपनर समीर मिन्हास ने दोनों हाथों से इस मौके को लपका और 172 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. पाकिस्तान ने 50 ओवरों में 347 रनों का पहाड़ खड़ा किया और स्कोरबोर्ड देखकर ही टीम इंडिया की आधी हार हो चुकी थी. हालांकि, मैच हारने के बाद भी आयुष म्हात्रे ने गलती नहीं मानी. उन्होंने अपने फैसले का बचाव किया.
आयुष म्हात्रे ने कहा, ”टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला गलत नहीं था. ये फैसला साफ था और पहले से तय भी. उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और हमारा ऑफ डे था, खेल में ऐसा होता है. हमनें फील्डिंग में भी गलतियां की.”
जब आयुष से पूछा गया कि लक्ष्य का पीछा करते समय टीम का क्या प्लान था तो भारतीय कप्तान ने कहा, ”योजना सीधी-सादी थी, 50 ओवर तक बल्लेबाजी करना. लड़कों ने अच्छा खेला, खुशी है कि टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत अच्छा रहा, सकारात्मक पहलू भी थे, खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया.”
समीर मिन्हास ने जख्म पर छिड़का नमक
बल्ले से जख्म देने वाले पाक बल्लेबाज समीर मिन्हास ने भारत की हार के बाद जुबान से नमक छिड़कने का काम किया. ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड लेते समय युवा ओपनर ने साफ कह दिया कि फाइनल में पहले बल्लेबाजी कर हम खुश थे. पिच बैटिंग के लिए मददगार थी और इसलिए हमें टॉस हारने का गम नहीं हुआ. समीर मिन्हास फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने के साथ-साथ ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी बने. मेंस अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के बल्लेबाज ने बल्ले से तहलका मचाते हुए 5 पारियों में 157.00 की औसत से 471 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 41 चौके और 19 छक्के लगाए. समीर मिन्हास इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे और उन्होंने भारत के वैभव सूर्यवंशी को बहुत पीछे छोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: आयुष म्हात्रे के साथ पाकिस्तान ने ऐसा क्या किया? खौला खून! वैभव सूर्यवंशी भी हुए आगबबूला, जानें पूरा मामला
