Bangladesh minority attacks: बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र की हत्या के बाद एक और हमले का मामला सामने आया है. जहां एक हिंदू रिक्शा चालक को भीड़ ने बेरहमी से पीटा है.घटना शुक्रवार को बांग्लादेश के झेनाइदाह जिले की बताई जा रही है. हमले में बुरी तरह घायल हुए हिंदू युवक की पहचान गोबिंदा बिस्वास के रूप में हुई है. भीड़ ने उसकी कलाई पर बंधे पवित्र लाल धागे को देखकर हमला बोला. चश्मदीदों के अनुसार घटनास्थल पर युवक के खिलाफ भारत का जासूस होने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई की गई. 

रिक्शा चालक पर हमला
रॉ एजेंट होने के आरोप लगने पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक को पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस हमले में गोबिंदा को सीने और गले पर चोटें आईं हैं. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद को रिक्शा चालक बताते हुए रिहा करने की गुहार लगा रहा है. इसके बाद झेनाइदाह सदर पुलिस स्टेशन में उसको हिरासत में ले लिया गया. 

यह भी पढ़ें: इस्लाम के खिलाफ नहीं बोला था कोई अपशब्द…बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या में हुए बड़े खुलासे

Add Zee News as a Preferred Source

हिंदूओं पर हमला

बिस्वास को हिरासत में लेने के बाद पुलिस स्टेशन के भी कुछ वीडियो सामने आए. जिसमें एक व्यक्ति बिस्वास के फोन में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े कई लेनदेन दिखाई देने की बात कर रहा है. इसके  अलावा उसके पास आकाश नाम के एक व्यक्ति का भी फोन आया हुआ बताया गया, जिसके बारे में बिस्वास ने बताया कि वह आकाश को व्यक्तिगत तौर पर जानता है. पुलिस अधिकारी ने बिस्वास की गिरफ्तारी को लेकर पुष्टि करते हुए उसके  कई वर्षों तक भारत में रहने की जानकारी दी है. फिलहाल बांग्लादेशी पुलिस फिलहाल भारतीय एजेंसियों से संभावित संबंधों के आरोपों की जांच कर रही है. हाल ही में बांग्लादेश में दीपू की हत्या के बाद रिक्शा चालक पर हमले की खबर ने अल्पसंख्यकों को लेकर चिंता को बढ़ा दिया है. भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ढाका में अधिकारियों से दीपू की हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया था.