U19 Asia Cup 2025: याद है ना वो मोमेंट? जब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 के फाइनल में बुरी तरह धोया था और फिर सरेआम PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी की बेइज्जती की थी. भारतीय टीम ने तब नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया था. उसके बाद पीसीबी के बॉस ने खूब ड्रामा किया और ट्रॉफी लेकर मैदान से भाग गए थे. अब तीन महीने बाद दुबई में ही एक बार फिर भारत ने नकवी के साथ वैसा ही किया है.
रविवार (21 दिसंबर) को दुबई में अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मैच खेला गया. हालांकि, इस बार नतीजा पाकिस्तान के पाले में गया और भारत की जूनियर टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. पाक अंडर-19 टीम ने इंडिया अंडर-19 को 191 रनों से हराकर 12 साल बाद इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. पाकिस्तान की जीत से मोहसिन नकवी काफी खुश दिखे, लेकिन आयुष म्हात्रे की टीम ने भी उनके साथ वही किया, जो सूर्या एंड कंपनी ने किया था.
टीम इंडिया ने नकवी से नहीं लिया मेडल
दुबई में खेले गए फाइनल में जैसे ही पाकिस्तान की टीम जीत की दहलीज पर थी, एसीसी और पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ट्रॉफी सौंपने के लिए दुबई रवाना हो गए. उनके चेहरे पर खुशी साफ तौर से जाहिर हो रही थी. मैच खत्म होने के बाद नकवी आयोजन स्थल पर मौजूद थे और पोडियम पर खड़े थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें बिल्कुल भाव नहीं दिया.
मोहसिन नकवी के हाथ से मेडल लेने के बजाय भारत की अंडर-19 टीम ने आईसीसी के एसोसिएट मेंबर डायरेक्टर मुबश्शिर उस्मानी उपविजेता मेडल स्वीकार करना उचित समझा. दिलचस्प बात ये रही कि भारतीय खिलाड़ी उस मंच तक नहीं गए जहां मोहसिन नकवी खड़े थे. उन्होंने पोडियम से दूर, जमीन पर ही अपने पदक लिए. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन एक बार फिर एशिया कप में बेबस दिखे और भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने का सपना फिर टूट गया.
फाइनल में वैभव-आयुष ने किया निराश
पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ने फैंस का दिल तोड़ दिया. वैभव ने छक्के के साथ खाता तो खोला और महज 10 गेंदों पर 26 रन बना दिए, लेकिन अति आक्रामक रवैया उनपर भारी पड़ा और वो आउट हो गए. कप्तान आयुष म्हात्रे तो सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. 348 रनों का पीछा करते हुए इंडिया अंडर-19 टीम 156 रनों पर सिमट गई और पाकिस्तान ने 191 रनों से बड़ी जीत हासिल कर 12 साल बाद खिताब पर कब्जा किया.
ये भी पढ़ें: तू मेरे जूते… पहली बार इतने गुस्से में दिखे वैभव सूर्यवंशी, पाकिस्तानी गेंदबाज को बीच मैदान दिखाई औकात! VIDEO
