The Ashes 2025-26: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में इंग्लैंड का हाल बद से बदतर होते जा रहा है. एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट में भी बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. कंगारुओं ने उनके सामने 435 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने आखिरी दिन लड़ाई तो लड़ी, लेकिन 82 रनों से मुकाबला कर गए. इसके साथ ही दो मैच शेष रहते ही, ऑस्ट्रेलिया ने एशेज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार तीन हार के बाद इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम की नौकरी खतरे में है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि एशेज सीरीज के बाद उन्हें इस पद से हटाया जा सकता है. अब इंग्लैंड के पूर्व महान खिलाड़ी सर जेफ्री बॉयकोट ने भी ब्रेंडन मैकुलम को हटाने की मांग कर दी है.
खतरे में ब्रेंडन मैकुलम की नौकरी
एडिलेड से पहले ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ और ब्रिस्बेन में इंग्लैंड को धूल चटाई थी. एडिलेड में भी इंग्लैंड के खेल में कुछ खास सुधार नहीं हुआ और उनके हाथ से प्रतिष्ठित एशेज सीरीज निकल चुका है. शर्मनाक हार के बाद दुनियाभर में बेन स्टोक्स की टीम और ‘बैजबॉल’ का शोर मचाने वाले मैकुलम की आलोचना हो रही है.
बॉयकॉट ने इस बात पर जोर दिया कि स्टोक्स और मैकुलम ने 2022 में कमान संभालने के बाद से टीम में जो बदलाव किए हैं, उसके लिए वे कुछ हद तक श्रेय के हकदार हैं. हालांकि, द टेलीग्राफ में अपने कॉलम में लिखते हुए, इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ने टीम से अधिक व्यावहारिकता के साथ खेलने, बैजबॉल को खत्म करने और एक नया कोच नियुक्त करने की आवाज बुलंद की है.
बॉयकोट ने द टेलीग्राफ में अपने कॉलम में लिखा, ”ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स ने हमारे क्रिकेट के लिए जो कुछ किया है, उसके लिए उन्हें बहुत श्रेय मिलना चाहिए, लेकिन यह स्पष्ट है कि बैजबॉल का दौर अब समाप्त हो चुका है.
इंग्लैंड के लिए 108 टेस्ट में 8,114 रन बना चुके सर जेफ्री बॉयकॉट ने आगे कहा कि ‘अहंकार’ अब समझदारी पर हावी हो गया है और इसे जारी नहीं रहने दिया जा सकता. स्टोक्स और मैकुलम ऐसे हैं जैसे कोई गड्ढा खोद रहे हों जिसका कोई अंत न हो. अगर आप जो कर रहे हैं उससे फायदा नहीं हो रहा है, तो गड्ढा खोदना बंद कर दें. अगले स्तर तक पहुंचने के लिए बदलाव बेहद जरूरी है. मैं क्या करूंगा? कोच बदलूंगा.
ये भी पढ़ें: अब U19 एशिया कप में ड्रामा! इस बार मोहसिन नकवी ने क्या किया? भारत ने मेडल लेने से किया इनकार, जानें पूरा मामला
